रोहिणी आचार्य का केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला: महिला आरक्षण बिल, यूसीसी, मंत्री के पदों और सीएम की यात्रा पर उठाए सवाल

रोहिणी आचार्य ने सीएम सम्राट मंत्री अशोक चौधरी पर जमकर निशाना साधीं है। वहीं उन्होंने पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी को बीजेपी का प्रवक्ता करार देते हुए उन्हें इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की सलाह दीं है.....

रोहिणी आचार्य का केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : लालू प्रसाद यादव की बेटी और राजद नेत्री रोहिणी आचार्य ने केन्द्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोलीं हैं। शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कहा गया कि विपक्ष महिला आरक्षण बिल नहीं रोक पाएगी। रोहिणी आचार्य ने कहा कि विपक्ष इस बिल को क्यों नहीं रोक पाएगी, पहले बिल आने दीजिए और देखा जाएगा कि क्या प्रस्तुत किया जाता है, जिसके बाद महागठबंधन के रुख के अनुसार वे बात करेंगी। उन्होंने परिसीमन को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव को ध्यान में रखते हुए परिसीमन बिल लाकर जीतने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि बिल आने से पहले वे इस पर कुछ नहीं कहेंगी, जबकि यूसीसी और 'एक देश एक कानून' की बात पर कहा कि यह विषय काफी समय से उठाया जा रहा है।


मंत्री अशोक चौधरी के तीन पदों को लेकर नियमों व कानून पर कटाक्ष

बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी द्वारा एक साथ तीन पद संभाले जाने से जुड़े सवाल पर रोहिणी आचार्य ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उनके लिए 'सात खून माफ' है, क्योंकि सात खून करने वाले मुख्यमंत्री बने हुए हैं तो अशोक चौधरी ने तो अभी तीन ही पद लिए हैं और बस चलेगा तो पांच-छह पद और ले लेंगे। रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों और गठबंधन के सहयोगियों के लिए न कोई नियम है और न कानून, जबकि नियम-कानून केवल आम जनता और विपक्षी दलों के लिए हैं।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की यात्रा व महिला सुरक्षा पर तीखे सवाल

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बिहार यात्रा को लेकर रोहिणी आचार्य ने महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में महिलाओं के लिए क्या किया जा रहा है और क्या यह बताने के लिए निकला जा रहा है कि नीट की छात्रा को न्याय मिला या नहीं, जबकि बिहार की महिलाएं उसकी मौत का कारण जानने का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की बालिकाओं को आज तक न्याय नहीं मिला और मुख्यमंत्री को मुजफ्फरपुर जाने पर बालिका गृह जाकर बच्चियों से मिलना चाहिए, साथ ही आरोप लगाया कि राज्य में महिला हिंसा व उत्पीड़न पर कोई काबू नहीं है और यह यात्रा केवल अपना चेहरा चमकाने के लिए निकाली जा रही है।


पश्चिम चंपारण डीएम पर निशाना, इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की नसीहत

रोहिणी आचार्य ने प्रशासनिक अधिकारियों के कामकाज पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि कल मुख्यमंत्री जिस पश्चिम चंपारण गए थे, वहां के जिलाधिकारी (डीएम) भाजपा के प्रवक्ता बने हुए हैं और भाजपा का गुणगान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई न्याय के लिए जाएगा तो क्या वहां केवल भगवा रंग देखकर प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि सरकारी पद पर रहते हुए अधिकारी को सबके और जनता के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि डीएम को भाजपा के लिए इतना ही काम करने का मन है तो उन्हें इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन कर लेनी चाहिए, क्योंकि भाजपा ऐसे ही लोगों को तलाश रही है।


मुख्य सचिव के पत्र को बताया खानापूर्ति, अफसरशाही पर साधा निशाना

बिहार के मुख्य सचिव द्वारा अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के सम्मान को लेकर बार-बार पत्र जारी करने के मुद्दे पर रोहिणी आचार्य ने कहा कि अफसरशाही काफी बढ़ी हुई है और नीतीश कुमार के शासनकाल के साथ-साथ अब सम्राट चौधरी की सरकार में भी अफसर ही हावी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी भाजपा का प्रचार कर रहे हैं और मुख्य सचिव का निर्देश मात्र खानापूर्ति है, जिससे कुछ होने वाला नहीं है, साथ ही दावा किया कि न जनता पर ध्यान दिया जा रहा है और न ही विपक्ष के प्रति निष्पक्ष कार्रवाई हो रही है।


रंजीत की रिपोर्ट