युवा चेतना के संयोजक रोहित सिंह का बड़ा ऐलान : परिवारवाद के खिलाफ कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकालेंगे यात्रा, पीएम मोदी को बताया युवाओं की उम्मीद

युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने हैदराबाद में वंशवादी राजनीति पर तीखा हमला बोलते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया है....

N4N Desk : युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान देश की वंशवादी राजनीति पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में संपूर्ण विपक्ष ने भारतीय राजनीति में परिवारवाद के जिस बीज को बोया था, उसे आज एक विशाल बरगद के वृक्ष के रूप में विकसित कर दिया गया है. रोहित सिंह ने दावा किया कि इस वंशवादी व्यवस्था के कारण देश का आम और योग्य नौजवान खुद को पूरी तरह ठगा हुआ महसूस कर रहा है.


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही नौजवानों की एकमात्र उम्मीद

रोहित सिंह ने देश के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा, "वर्तमान भारतीय राजनीति में एकमात्र नेता जो देश के आम नौजवानों की वास्तविक चिंता कर रहे हैं और उनके उत्थान हेतु लगातार काम कर रहे हैं, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं." आज केवल मोदी जी ही ऐसे नेता हैं जो भारत के युवाओं की समृद्धि, उनके चहुंमुखी विकास और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के लिए ठोस व विचारणीय कार्य कर रहे हैं.


'नेपोकिड्स' के खिलाफ कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा का ऐलान

वंशवादी ताकतों को राजनीतिक रूप से चुनौती देने के लिए युवा चेतना के संयोजक ने एक बड़े राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. उन्होंने घोषणा की कि वे जल्द ही कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक देशव्यापी यात्रा पर निकलेंगे, ताकि आम नौजवानों को एक मंच पर संगठित किया जा सके. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को "नेपोकिड्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया" का अध्यक्ष करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी और हर राज्य में सक्रिय परिवारवादी शक्तियों के खिलाफ लोकतांत्रिक लड़ाई को और तेज किया जाएगा.


चुनावी नतीजों का हवाला देकर विपक्ष पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान रोहित सिंह ने हालिया चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए विपक्ष की सांगठनिक विफलता को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजकुमार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्ष पूरी तरह आउट हो गया. वहीं पश्चिम बंगाल में "नेपोकिड्स एसोसिएशन ऑफ बंगाल" के अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी धराशायी हो गए, तमिलनाडु की जनता ने उदयनिधि स्टालिन को रिजेक्ट कर दिया और असम में गौरव गोगोई अपनी सीट तक नहीं बचा पाए.


कांग्रेस पर युवाओं को ठगने का आरोप, एकजुटता की अपील

रोहित सिंह ने अंत में कहा कि इन चुनावी परिणामों से यह पूरी तरह प्रमाणित हो चुका है कि देश का वर्तमान जनादेश कांग्रेस और समूचे विपक्ष के खिलाफ पूरी ताकत के साथ खड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश के आम नौजवानों के विकास के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अपने शासनकाल में कुछ नहीं किया और युवाओं को सिर्फ छला गया. उन्होंने आह्वान किया कि देश के नौजवान अब इस परिवारवाद के खिलाफ एकजुट हो चुके हैं और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इस लड़ाई को इसके अंतिम अंजाम तक पहुंचाया जाएगा.