लालू परिवार की सुरक्षा कटौती पर घमासान, नीतीश के करीबी मंत्री श्रवण कुमार ने तोड़ी चुप्पी, बड़ा बयान

लालू यादव- राबड़ी देवी और उनके पुत्र तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में की कई गई कटौती पर बिहार में सियासी बयानबाजी जारी है. वहीं मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा बयान दिया है.

Bihar minister Shravan Kumar- फोटो : news4nation

Bihar News :  राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की सुरक्षा में कटौती को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस बीच बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री और मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले श्रवण कुमार ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी को नाराजगी नहीं जतानी चाहिए, क्योंकि यह एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है। वहीं राजद नेताओं की ओर से सुरक्षा कटौती के सम्राट सरकार के निर्णय का जोरदार विरोध किया जा रहा है। इसे जानबूझकर लालू परिवार को परेशान करने वाला बताया जा रहा है। 


शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में श्रवण कुमार ने कहा कि सुरक्षा का समय-समय पर आकलन किया जाता है। इसके लिए राज्य सुरक्षा समिति और संबंधित एजेंसियां लगातार समीक्षा बैठकें करती हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को जितना खतरा होता है, उसी के अनुरूप सुरक्षा प्रदान की जाती है और खतरे का स्तर कम होने पर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव भी किया जाता है।

कम हुई सुरक्षा 

दरअसल, बिहार सरकार ने हाल ही में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को मिली जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली है। नई व्यवस्था के तहत दोनों नेताओं को बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा, एस्कॉर्ट वाहन, पायलट वाहन और सीमित संख्या में सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की सुरक्षा भी घटाई गई है और अब उन्हें केवल एक अंगरक्षक उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव  की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार का कहना है कि यह फैसला सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट और खतरे के आकलन के आधार पर लिया गया है। इससे पहले भी राज्य सरकार समय-समय पर विभिन्न राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा श्रेणियों में बदलाव करती रही है।


मोदी के लिए विशेष कामना 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु  के कार्यकाल के बराबर होने के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं और आगे भी बेहतर कार्य करें, यही सभी की कामना है। उन्होंने कहा कि देश को समय-समय पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन सरकार इन चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार काम कर रही है।


बिहार के अस्पतालों की होगी जांच 

वहीं मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में सामने आए विवादित मामले पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पूरे बिहार में अस्पतालों और नर्सिंग होम की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी।

रंजन की रिपोर्ट