नीतीश कुमार के सहयोग से और समृद्ध होगा बिहार : सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं को दिलाया जीत का भरोसा!
बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राष्ट्रपति के अपमान को लेकर ममता बनर्जी को घेरा और बंगाल की जनता द्वारा उन्हें सबक सिखाने की बात कही
Patna - बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है । उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने एक आदिवासी समाज से आने वाली देश की राष्ट्रपति की बेइज्जती करने का काम किया है । सम्राट चौधरी के अनुसार, इस तरह का व्यवहार न केवल संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि पूरी आदिवासी बिरादरी का भी अपमान है ।
बंगाल की जनता देगी करारा जवाब
सम्राट चौधरी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि ममता बनर्जी को उनके इन कार्यों का परिणाम जल्द ही भुगतना होगा । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले दो महीनों में पश्चिम बंगाल की जनता इस अपमान का जवाब देगी और उन्हें कड़ा सबक सिखाएगी । चौधरी ने कहा कि बंगाल के लोग अब जागरूक हो चुके हैं और वे अपनी एक आदिवासी बहन के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे ।
नीतीश कुमार के सहयोग से समृद्ध होगा बिहार
एक अन्य कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ अपने गठबंधन पर भी चर्चा की । उन्होंने बिहार की जनता को आश्वस्त किया कि नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार और अधिक समृद्ध होगा और राज्य इंडस्ट्री के क्षेत्र में मजबूती से खड़ा होगा । उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस साझा संकल्प को भी दोहराया, जिसमें अगले 5 वर्षों में बिहार में 1 करोड़ रोजगार (जॉब क्रिएशन) का लक्ष्य रखा गया है ।
मजदूरों को वापस लाने का संकल्प
सम्राट चौधरी ने बिहार के बाहर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों के लिए भी अपनी प्रतिबद्धता जताई । उन्होंने कहा कि जो बिहारी मजदूर दूसरे राज्यों में मजदूरी करने गए हैं, उन्हें चिन्हित करके वापस बिहार लाने का काम किया जाएगा । उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग अच्छी नौकरियों में हैं वे वहीं रहें, लेकिन जो मजबूरी में बाहर मजदूरी कर रहे हैं, उनके लिए बिहार में ही अवसर पैदा किए जाएंगे ताकि वे अपने राज्य में लौट सकें ।
रिपोर्ट - नरोत्तम