सीएम सम्राट चौधरी ने सुबह-सुबह बुलाई हाईलेवल मीटिंग, मुख्य सचिव से DGP तक तलब, अपराध मुक्त बिहार पर होगा बड़ा एक्शन
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने और पर्व के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा। खासकर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिय
Bihar News : बिहार में अपराध नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक्शन मोड में आ गए हैं। छठ और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसी को लेकर शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री ने अचानक हाईलेवल मीटिंग बुलाकर प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को तलब कर लिया। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी से लेकर पुलिस मुख्यालय के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बिहार के सभी जिलों के डीएम, एसपी, आईजी और डीआईजी भी बैठक में जुड़ सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य में किसी भी कीमत पर अपराध और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक समरसता और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
छठ घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
छठ और दीपावली को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर छठ पर्व का आयोजन होता है, वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।
कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने और पर्व के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा। खासकर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया गया।
पटना और भोजपुर में एनकाउंटर के बाद अहम बैठक
मुख्यमंत्री की इस बैठक को शुक्रवार सुबह पटना और भोजपुर में हुए दो पुलिस एनकाउंटर के घटनाक्रम से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों जगह पुलिस की कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री ने शीर्ष अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में हर तरह के अपराध पर प्रभावी रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पिछले दिनों एक कार्यक्रम में दावा कर चुके हैं कि बिहार में जघन्य अपराध और संगठित अपराध के मामलों में भारी कमी आई है। ऐसे में त्योहारों के मद्देनजर बुलाई गई इस हाईलेवल बैठक के जरिए मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती।
रंजन की रिपोर्ट