उद्योग और व्यापार सुरक्षा पर सीएम सम्राट की बड़ी बैठक, अधिकारियों को दिया निर्देश, DGP सहित ये सब मौजूद
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में गृह विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में तीन नए आपराधिक कानूनों और इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई आपराधिक न्याय प्रणाली का उद्देश्य आम लोगों को त्वरित और बेहतर न्याय उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने नागरिक सेवा पोर्टल को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही स्पीडी ट्रायल के माध्यम से मामलों के त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर भी बल दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को उद्योगपतियों, व्यवसायियों और प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार जगत की सुरक्षा तथा उनकी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही व्यापारिक समुदाय से मिलने वाले सुझावों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।