बापू सभागार में बदली सियासी सीटिंग! तेज प्रताप को देखकर पीछे जाकर बैठे सम्राट चौधरी? मंच से ज्यादा चर्चा में रहा सीट वाला सीन

Bihar News: दीप प्रज्ज्वलन के बाद मुख्यमंत्री अपनी निर्धारित सीट की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर तेज प्रताप यादव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने दिशा बदल दी और पीछे जाकर आम दर्शकों के बीच बैठ गए।

तेज प्रताप को देखकर पीछे जाकर बैठे सम्राट चौधरी?- फोटो : social Media

Bihar News: राजधानी पटना के बापू सभागार में शनिवार को अभिनेता आशुतोष राणा के चर्चित नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन हुआ, लेकिन सांस्कृतिक कार्यक्रम से ज्यादा चर्चा दो सियासी चेहरों की मौजूदगी और उनकी सीटिंग को लेकर होती रही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद नेता तेज प्रताप यादव दोनों पहुंचे, लेकिन दोनों के बीच बना एक दिलचस्प घटनाक्रम पूरे आयोजन का सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गया।कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंच पर पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलित कर नाटक का शुभारंभ किया। इसके बाद जब उनके लिए मुख्य अतिथि की कुर्सी आरक्षित थी, तब उन्होंने वहां बैठने के बजाय सभागार में आम दर्शकों के बीच जाकर अपनी सीट चुन ली। हालांकि नाटक शुरू होने के कुछ देर बाद ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम से निकल गए।

दूसरी ओर, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद रहे, लेकिन वे मंच पर नहीं गए और पूरे समय अपनी सीट पर बैठे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री के लिए आरक्षित कुर्सी की ओर देखा, लेकिन वहां सम्राट चौधरी मौजूद नहीं थे। तेज प्रताप कार्यक्रम के अंत तक सभागार में डटे रहे और पूरा नाटक देखा।

कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि दीप प्रज्ज्वलन के बाद मुख्यमंत्री अपनी निर्धारित सीट की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर तेज प्रताप यादव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने दिशा बदल दी और पीछे जाकर आम दर्शकों के बीच बैठ गए। हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री के अचानक सीट बदलने से कुछ देर के लिए आयोजकों और अधिकारियों के बीच भी असमंजस की स्थिति बन गई। वहीं तेज प्रताप यादव कई बार पीछे मुड़कर मुख्यमंत्री की ओर देखते नजर आए। बाद में तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि सम्राट चौधरी उन्हें देखकर ही पीछे जाकर बैठे। उनके मीडिया ग्रुप की ओर से इस घटनाक्रम का वीडियो भी साझा किया गया।

हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में उनके पीछे जाकर बैठने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। यह भी संभव है कि उन्होंने नाटक को बेहतर ढंग से देखने या अन्य किसी व्यक्तिगत कारण से दर्शकों के बीच बैठना पसंद किया हो। फिलहाल इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जरूर हो रही हैं, लेकिन इसके पीछे की मंशा पर कोई आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।