सैनिक स्कूल परीक्षा में संस्कार नीरज ने किया टॉप ! नवादा में हुआ गर्मजोशी से स्वागत
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। इस कठिन परीक्षा में संस्कार नीरज ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए यह मुकाम हासिल किया।
Bihar News: नवादा के शिक्षक नीरज कुमार के पुत्र संस्कार नीरज ने सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने पूरे स्कूल में टॉप किया और 300 में से 279 अंक प्राप्त किए। संस्कार ने सामान्य श्रेणी में 39वां और अखिल भारतीय स्तर पर 530वां रैंक हासिल किया है। यह परीक्षा झारखंड के कोडरमा में आयोजित की गई थी। परिणाम घोषित होने के बाद संस्कार नीरज के घर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वह नीरज कुमार के सबसे बड़े पुत्र हैं।
अपनी उपलब्धि पर संस्कार नीरज ने गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने उन्हें बेहतर स्कूल में पढ़ने का अवसर दिया, और वह अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए देश की सेवा करना चाहते हैं। 10 वर्ष की आयु में ही संस्कार का देश सेवा का जुनून स्पष्ट है।
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। इस कठिन परीक्षा में संस्कार नीरज ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए यह मुकाम हासिल किया। परिवार के सदस्यों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
संस्कार की माता प्रियंका भारती ने बताया कि बेटे को खुद से दूर भेजना मुश्किल था, लेकिन बेहतर शिक्षा के लिए उन्होंने यह निर्णय लिया। उन्होंने अन्य माता-पिता को भी बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए ऐसे कदम उठाने की सलाह दी। प्रियंका भारती ने कहा कि उनके बेटे का जुनून देश की रक्षा करना और भविष्य में सेना में शामिल होना है।