Bomb Threat: स्कूलों और सरकारी इमारतों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, केजरीवाल सहित बीजेपी के कई बड़े नेताओं को भी धमकी, हाई अलर्ट जारी
Bomb Threat: एक बार फिर स्कूलों और सराकरी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जानकारी अनुसार पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट के पांच दिन बाद सोमवार को चंडीगढ़ और जालंधर में स्कूलों और सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और कई जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ईमेल में पंजाब विश्वविद्यालय के गांधी भवन में रात 9:11 बजे ग्रेनेड हमले की भी बात कही गई है। इसके साथ ही खालिस्तान से जुड़े संदेश भी लिखे गए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
हाई अलर्ट पर पुलिस
धमकी के बाद स्कूलों में बम स्क्वॉयड और डॉग स्क्वॉयड के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया गया। वहीं फिरोजपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर दोपहर 2 बजे तक कामकाज रोक दिया गया और परिसर को खाली कराकर जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चंदीगढ़ के सेक्टर-34 थाना प्रभारी सतिंदर ने बताया कि सभी जगहों की जांच कर ली गई है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
स्कूलों को मिली धमकी भरी ईमेल
सुबह करीब 8 बजे जालंधर के डीपीएस, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल समेत कई संस्थानों को ईमेल भेजकर बम धमाके की चेतावनी दी गई। वहीं चंडीगढ़ के सेक्टर-41, 32, 47 और 45 के स्कूलों को भी इसी तरह के संदेश मिले। ईमेल में स्कूलों, मेयर ऑफिस और सेक्रेटेरिएट में अलग-अलग समय पर बम धमाके की धमकी दी गई है। भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया है।
नेताओं को भी दी गई धमकी
धमकी भरे ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान,हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, डीजीपी गौरव यादव और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविन्द केजरीवाल को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके अलावा अमृतसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई है।
खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम धमकी
ईमेल में लिखा है कि खालिस्तान वाले बच्चों के खिलाफ नहीं, हिंदुस्तान मोदी सरकार को तबाह करेंगे। खालिस्तान वोटों से या बम से। चंडीगढ़ वालो, यहां बम धमाके-ग्रेनेड हमले चलते रहेंगे, यूनिवर्सिटी गांधी भवन में आज रात 9:11 बजे ग्रेनेड हमला होगा। इमेल में लिखा है कि, बम या ग्रेनेड हमले में सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को भी ठोकेंगे। अमृतसर में डॉ. अंबेडकर के स्टेच्यू को 14 अप्रैल को बम धमाके से खत्म करेंगे। ईमेल पर धमकी भेजने वाले ने खालिस्तान नेशनल आर्मी का पता लिखा है।
साइबर जांच तेज
पुलिस और साइबर सेल ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल किसी भी जगह से विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।