Officers Transfer : बिहार शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई अधिकारियों का हुआ तबादला और नया पदस्थापन

Officers Transfer : बिहार शिक्षा सेवा के कई महत्वपूर्ण अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से स्थानांतरित कर नए स्थान पर पदस्थापित किया गया है....देखें लिस्ट

अधिकारियों का तबादला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा प्रशासनिक सेवा (प्रशासन उप संवर्ग) के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नए पदस्थापन किए गए हैं। इस संबंध में विभाग द्वारा नई अधिसूचनाएं जारी की गई हैं, जिसके तहत कई जिला शिक्षा पदाधिकारियों और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।  बिहार शिक्षा सेवा के कई महत्वपूर्ण अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से स्थानांतरित कर नए स्थान पर पदस्थापित किया गया है। इसमें क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक संजय कुमार चौधरी को सचिव, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना बनाया गया है। इसके अलावा, रोहतास के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) मदन राय को निदेशक (शैक्षणिक), बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के पद पर नियुक्त किया गया है।   

इसी प्रकार, अन्य अधिकारियों में राघवेन्द्र प्रताप सिंह को सहायक निदेशक, योजना एवं अनुश्रवण कोषांग, मुख्यालय बनाया गया है, जबकि योगेश कुमार, राजन कुमार गिरि और दीपक कुमार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सभी अधिकारियों की पूर्व की प्रतिनियुक्तियों को रद्द करते हुए सक्षम प्राधिकार के अनुमोदन से यह आदेश जारी किया गया है।   

वहीँ कई अन्य अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की गई है। इसके अंतर्गत सीतामढ़ी के जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेन्द्र मणि त्रिपाठी को जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिवान के पद पर भेजा गया है। साथ ही मुकेश कुमार (उप सचिव, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति) को जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर और दिनेश कुमार पासवान को जिला शिक्षा पदाधिकारी, सीतामढ़ी के रूप में पदस्थापित किया गया है।   

इस पूरी प्रशासनिक प्रशासनिक व्यवस्था के तहत प्रफुल्ल कुमार मिश्रा (पूर्वी चंपारण, मोतिहारी), सुभाष कुमार (नवादा), मनीष कुमार सिंह (रोहतास, सासाराम) और सरस्वती कुमारी (पटना) को भी उनके नए जिलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में उनके अपने वेतनमान में अगले आदेश तक तैनात किया गया है। इस प्रकार शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।