मोकामा में शुरू हुआ शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ, पीताम्बर वस्त्रधारियों ने निकाली भव्य कलश यात्रा

गायत्री परिवार युग निर्माण, संस्कार संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करता है।

शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ- फोटो : news4nation

Gayatri Mahayagna :  गायत्री महायज्ञ के तहत 9 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का आयोजन मोकामा में 13 से 15 मार्च तक किया जा रहा है। इस महायज्ञ की शुरुआत शुक्रवार को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा मोकामा के तपस्वी स्थान गंगा घाट से शुरू हुई। पीताम्बर वस्त्रधारी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ‘ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्’ मंत्रोच्चार के साथ कलश लेकर नगर भ्रमण किया। यह शोभा यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कमलेश्वरी स्थान पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने कलश यात्रियों का फूल बरसाकर स्वागत किया।


कलश यात्रा को आकर्षक और पारंपरिक स्वरूप दिया गया था। शोभा यात्रा में बैंड-बाजे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। हजारों की संख्या में कलशधारी कन्याएं और महिलाएं इसमें शामिल हुईं। उनके साथ बड़ी संख्या में साधक, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी श्रद्धा के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में गायत्री मंत्र, भजन-कीर्तन और ‘हर-हर गायत्री’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


आयोजकों ने बताया कि गायत्री परिवार युग निर्माण, संस्कार संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करता है। उनके अनुसार यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना जगाने का माध्यम भी है। उनका कहना है कि जब व्यक्ति स्वयं को सुधारता है, तभी समाज सुधार की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है।