Patna News : शास्त्री नगर गोलीकांड का 'क्लाइमेक्स': पटना पुलिस और STF ने बिछाया जाल, हथियारों के जखीरे के साथ 2 शूटर दबोचे!

पटना पुलिस ने शास्त्री नगर में दिलीप सिंह पर हुए हमले का खुलासा किया। शिवम और चंदन गिरफ्तार, पुलिस और STF ने हथियार और बाइक बरामद की। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

patna - राजधानी पटना के पॉश इलाके शास्त्री नगर में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पटना पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। 31 मार्च को कारोबारी दिलीप कुमार सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सचिवालय एएसपी (सचिवालय-2) दीक्षा  ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस कांड के उद्भेदन के लिए गठित एसआईटी (SIT) ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की है।

शिवपुरी अपार्टमेंट के पास हुआ था हमला

घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी अपार्टमेंट के पास रहने वाले कारोबारी दिलीप कुमार सिंह पर दो गनमैन ने पीछे से आकर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं । इस हमले में दिलीप सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए रूबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था । फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार है और वे खतरे से बाहर हैं । घटना के बाद पीड़ित के बयान पर अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था 

गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित सचिवालय-2 एसडीपीओ, शास्त्री नगर थाना, STF और डीआईयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर शिवम चौधरी और चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें 3 पिस्टल और 1 देसी कट्टा । 4 मैगजीन और 22 जिंदा कारतूस घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (सीसीटीवी फुटेज से मिलान के बाद) । 2 मोबाइल फोन और 1 डीवीआर 

साजिश और मुख्य शूटर की तलाश

एएसपी दीक्षा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी मुख्य साजिशकर्ता के इशारे पर काम कर रहे थे । उन्हें शूटर्स की मदद करने और साक्ष्य मिटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी । हालांकि, घटना को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर अभी भी फरार है । पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे पूरे घटनाक्रम के दौरान शूटर्स को बैकअप और सपोर्ट दे रहे थे 

आपसी रंजिश की ओर इशारा

पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में घटना का प्राथमिक कारण व्यक्तिगत और पेशेवर रंजिश (Personal and Professional Rivalry) सामने आ रहा है । गिरफ्तार आरोपियों के कन्फेशन और तकनीकी साक्ष्यों से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं । पुलिस का मानना है कि मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद हमले की असली वजह और इसके पीछे के बड़े मास्टरमाइंड का चेहरा पूरी तरह साफ हो जाएगा 

सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का रुख

इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों में कड़ा संदेश दिया है। एएसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन तफ्तीश जारी है और इस साजिश में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा । फिलहाल, गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और फरार शूटर की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जा सकती है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार