शेखपुरा DTO बेबी कुमारी को मिला बेगूसराय का अतिरिक्त प्रभार, परिवहन विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार प्रशासनिक गलियारे से बड़ी खबर: शेखपुरा की जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) श्रीमती बेबी कुमारी को बेगूसराय DTO का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। परिवहन विभाग ने राज्यपाल के आदेश से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

शेखपुरा DTO बेबी कुमारी को मिला बेगूसराय का अतिरिक्त प्रभार,- फोटो : Reporter

बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी करते हुए प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। पटना से जारी आदेश  के तहत शेखपुरा की जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) बेबी कुमारी को उनके वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त बेगूसराय के जिला परिवहन पदाधिकारी का भी कार्यभार दिया गया है।


अधिनियमों के तहत कानूनी शक्तियां

विभाग द्वारा जारी आदेश में कानूनी प्रावधानों का पूरी तरह से पालन किया गया है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा-213(1) और बिहार मोटर वाहन कराधान अधिनियम, 1994 की धारा-3 का प्रयोग करते हुए श्रीमती बेबी कुमारी को बेगूसराय के जिला परिवहन पदाधिकारी एवं कराधान पदाधिकारी की शक्तियां प्रदान की गई हैं। ये सभी अधिकार उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी माने जाएंगे।


राज्यपाल के आदेश से हुआ फैसला 

यह अधिसूचना बिहार के राज्यपाल के आदेश से जारी की गई है। इस पर सरकार की संयुक्त सचिव इन्दु कुमारी के हस्ताक्षर हैं। अधिसूचना की प्रतिलिपि राजकीय मुद्रणालय, महालेखाकार, मुख्यमंत्री के आप्त सचिव, मुख्य सचिव, मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त, तथा शेखपुरा और बेगूसराय के जिला पदाधिकारियों समेत सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।


तकनीकी संचालन के लिए निर्देश 

प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए तकनीकी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। एनआईसी (NIC), बिहार, पटना के वरीय तकनीकी निदेशक श्री रंजन कुमार सिंह से अनुरोध किया गया है कि वे बेगूसराय जिले में वाहन और सारथी पोर्टल से जुड़े कार्यों के निष्पादन के लिए श्रीमती बेबी कुमारी को अविलंब User ID और Password निर्गत करें।


परिवहन व्यवस्था में आएगी तेजी 

बेगूसराय में पूर्णकालिक DTO के स्थान पर अतिरिक्त प्रभार दिए जाने से जिले में लंबित परिवहन संबंधी मामलों का जल्द निपटारा होने की उम्मीद है। वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस (सारथी), टैक्स वसूली और प्रवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी, जिससे आम जनता को सहूलियत मिलेगी।

पटना से धीरज पराशर की रिपोर्ट