पुलिस का मानवीय चेहरा: अब घर-घर पहुंच बुजुर्गों का हाल जानेगी पुलिस, 'डायल 112' बनेगा दादा-दादी का सहारा

शिवहर पुलिस ने बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए 'द्वार पर पुलिस' अभियान शुरू किया है, जिसके तहत 80 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को घर बैठे पुलिस सहायता मिलेगी।

Sheohar -  बिहार सरकार के निर्देशानुसार शिवहर जिले में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए एक नई और अनूठी पहल शुरू की गई है। अब जिले के बुजुर्गों को अपनी समस्याओं के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाने होंगे, बल्कि पुलिस खुद उनके द्वार पहुंचकर उनका समाचार लेगी और समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करेगी। 

एसपी शुभांक मिश्रा की विशेष पहल

पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा के निर्देश पर इस अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इसके तहत महिला थाना प्रभारी कल्याणी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुखिया कटसरी समेत कई गांवों का दौरा किया। टीम ने वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और उन्हें पुलिस की इस नई व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

ERSS (डायल-112) के माध्यम से घर बैठे मिलेगी मदद

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक किसी भी समस्या या शिकायत के लिए सीधे ERSS (Dial-112) को कॉल कर सकते हैं।  सूचना मिलते ही Dial-112 का वाहन बुजुर्गों के घर पहुंचेगा और उनकी समस्याओं को सुनकर प्राथमिक स्तर पर समाधान सुनिश्चित करेगा।  क्षेत्र में तैनात Dial-112 वाहन महीने में कम से कम 1 से 2 बार अपने क्षेत्र के बुजुर्गों से मोबाइल या प्रत्यक्ष रूप से संपर्क कर उनका कुशलक्षेम पूछेंगे। 

अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा प्राथमिकता

ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे कई बुजुर्ग दंपत्ति हैं जिनके बच्चे बाहर रहते हैं और वे घर में अकेले होने के कारण अपराधियों के आसान लक्ष्य हो सकते हैं। पुलिस ऐसे बुजुर्गों की सूची तैयार कर रही है ताकि उनसे निरंतर संपर्क बनाया जा सके और उन्हें सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं में भी सहयोग दिया जा सके। 

थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश

एसपी ने जिले के सभी थाना अध्यक्षों को निर्देश जारी किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सूची अपडेट करें। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया है कि बुजुर्गों की कठिनाइयों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। शिवहर पुलिस की इस पहल की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना हो रही है।

Report - manoj kumar