नीतीश कुमार ने रखी नींव, अब सीएम सम्राट के नेतृत्व में देशभर में बजा बिहार का डंका! सिमुलतला स्कूल को दूसरा स्थान

संजय झा ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में सिमुलतला आवासीय विद्यालय की सफलता को बिहार में शिक्षा और मेधा के पुनर्जागरण से जोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को याद किया।

Simultala Awasiya Vidyalaya - फोटो : news4nation

Bihar News :  जमुई स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित 'Cfore School Ranking 2026' में देशभर में दूसरा स्थान मिलने पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसे बिहार के लिए गर्व का विषय बताया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख किया।


संजय झा ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में सिमुलतला आवासीय विद्यालय की सफलता को बिहार में शिक्षा और मेधा के पुनर्जागरण से जोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कभी नेतरहाट विद्यालय संयुक्त बिहार की शैक्षणिक पहचान हुआ करता था। वहां पढ़ना प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों का सपना होता था, लेकिन वर्ष 2000 में बिहार के विभाजन के बाद यह विद्यालय झारखंड का हिस्सा बन गया।


नीतीश कुमार ने नेतरहाट की तर्ज पर लिया था फैसला

संजय झा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में नई उम्मीदों का दौर शुरू हुआ। उनके अनुसार, नीतीश कुमार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं की शुरुआत की और बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली की। इसी क्रम में नेतरहाट विद्यालय की तर्ज पर जमुई जिले के सिमुलतला में एक आवासीय विद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय का उद्घाटन 9 अगस्त 2010 को हुआ था। अब स्थापना के करीब डेढ़ दशक बाद इस विद्यालय का देशभर में दूसरा स्थान हासिल करना राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सरकारी विद्यालय की सफलता को बताया गौरवपूर्ण उपलब्धि

संजय झा ने अपनी पोस्ट में सिमुलतला आवासीय विद्यालय की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता बिहार के विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के प्रयासों को दर्शाती है। उन्होंने इसके लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और जागरूक प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में शिक्षा और मेधा के पुनर्जागरण के लिए पिछले दो दशकों में किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार संकल्पित और प्रतिबद्ध है।


नेतरहाट की विरासत से सिमुलतला तक का सफर

नेतरहाट विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्थापित सिमुलतला आवासीय विद्यालय आज बिहार के प्रमुख सरकारी आवासीय विद्यालयों में गिना जाता है। Cfore School Ranking 2026 में दूसरा स्थान मिलने की उपलब्धि ने एक बार फिर इस संस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है।


संजय झा की पोस्ट के जरिए इस उपलब्धि को बिहार की शैक्षणिक पहचान, सरकारी विद्यालयों की क्षमता और राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर किए गए प्रयासों के संदर्भ में रेखांकित किया गया है।