Bihar rail signal failure: गेटमैन सोता रहा, जनशताब्दी समेत पटरी पर थमी रहीं ट्रेनें… मोकामा में मचा हड़कंप
Bihar rail signal failure:पटना जिले के मोकामा जंक्शन पर रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात गेटमैन की एक झपकी ने रेल महकमे में हड़कंप मचा दिया।
Bihar rail signal failure:पटना जिले के मोकामा जंक्शन पर रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात गेटमैन की एक झपकी ने रेल महकमे में हड़कंप मचा दिया। पश्चिम रेल गुमटी पर तैनात गेटमैन समपार फाटक बंद कर गहरी नींद में सो गया, जिसके चलते ना सिर्फ सड़क यातायात ठप हो गया बल्कि कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हो गया।
घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक गेटमैन शिव कुमार की ड्यूटी शनिवार रात 10 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक थी। इसी दौरान वह फाटक बंद कर केबिन में सो गया। पश्चिमी केबिन और पैनल कक्षा के बीच संपर्क टूट जाने से रेलवे कंट्रोल को स्थिति समझने में देर लगी। कई बार संदेश भेजे गए लेकिन गेटमैन की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
करीब 10 मिनट तक अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही ठप रही। इस दौरान पटना-झाझा मेमू, साउथ बिहार एक्सप्रेस और जन शताब्दी एक्सप्रेस जैसी अहम ट्रेनें सिग्नल के इंतजार में खड़ी रहीं। दूसरी तरफ रेल फाटक बंद होने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालात ऐसे हो गए कि कुछ लोग अपनी बाइक और साइकिल बैरियर के नीचे से निकालकर जान जोखिम में डालते नजर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने दूसरे स्टाफ को मौके पर भेजा। जांच में गेटमैन शिव कुमार सोता हुआ पाया गया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी।
स्टेशन प्रबंधक हरि शंकर कुमार ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में गेटमैन को सस्पेंड किया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गेटमैन की तबीयत खराब थी और उसे तेज बुखार था। थकान और कमजोरी के कारण शायद उसे नींद आ गई। फिलहाल इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी सिस्टम पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक कर्मचारी की लापरवाही से यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी और बड़ा हादसा भी हो सकता था।