Sonia Gandhi book:सोनिया गांधी को पहली बार करीब से देखकर हैरान रह गए थे बिहार के ये नेता, बताई दिलचस्प बात
Sonia Gandhi book: वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love की चर्चा के बीच उनकी तारीफ की। उन्होंने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने के फैसले से जुड़ा संस्मरण भी सुनाया।
Sonia Gandhi book: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। इस बीच वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने सोनिया गांधी की तारीफ की है। उन्होंने सोनिया गांधी को एक खास व्यक्तित्व वाली महिला बताया और उनसे जुड़ा एक पुराना संस्मरण भी साझा किया।
शिवानंद तिवारी ने किताब को लेकर क्या कहा?
शिवानंद तिवारी ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब को लेकर लोगों में जिस तरह की उत्सुकता है, वह असाधारण है। लोग यह जानना चाहते थे कि सोनिया गांधी ने किताब में क्या लिखा है, किन लोगों के बारे में अपनी राय रखी है और उनके मन में किसके लिए कैसी भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि किताब के प्रकाशित होने से पहले ही उसे पाने की होड़ दिखाई देने लगी थी। उन्होंने अपनी जिंदगी में किसी दूसरी किताब को लेकर इतनी उत्सुकता नहीं देखी। शिवानंद तिवारी के मुताबिक, सोनिया गांधी का व्यक्तित्व बेहद सौम्य है और उनके व्यवहार में एक खास गरिमा दिखाई देती है।
मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने के फैसले को किया याद
शिवानंद तिवारी ने सोनिया गांधी से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाते हुए कहा कि उन्हें एक बार सोनिया गांधी को करीब से देखने का मौका मिला था। यह वह समय था, जब कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता में आने का जनादेश मिला था। सोनिया गांधी के पास प्रधानमंत्री बनने का अवसर था, लेकिन उन्होंने खुद यह पद स्वीकार नहीं किया और डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला लिया। इसके बाद सोनिया गांधी गठबंधन के नेताओं से डॉ. मनमोहन सिंह का परिचय करा रही थीं। इसी सिलसिले में वह उन्हें लालू प्रसाद यादव से मिलवाने के लिए उनके आवास पर पहुंची थीं। उस समय शिवानंद तिवारी भी वहां मौजूद थे।
सोनिया गांधी के चेहरे पर दिखी शांति
शिवानंद तिवारी ने बताया कि उस दौरान उनकी नजर डॉ. मनमोहन सिंह के बजाय सोनिया गांधी के चेहरे पर थी। वह यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि प्रधानमंत्री बनने का मौका मिलने के बाद भी उस पद को छोड़ने वाले व्यक्ति के मन में क्या चल रहा होगा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के चेहरे पर अद्भुत शांति थी। देश के सबसे बड़े पद को छोड़ने के फैसले के बाद भी उनके चेहरे पर कोई बेचैनी नहीं दिख रही थी। यह देखकर उनका मन सोनिया गांधी के प्रति आदर और सम्मान से भर गया।