Patna Road Accident: पटना में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक का कहर, बाइक सवार युवक को कुचला, इलाज के दौरान मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Patna Road Accident: बालू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचल दिया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।...

पटना में रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Patna Road Accident: बालू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचल दिया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एनएच-139 पर आंध्र चौकी के समीप शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। 

मृतक की पहचान बिक्रम थाना क्षेत्र के मनेर तेलपा गांव निवासी 26 वर्षीय जय राम कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जय राम कुमार शनिवार की देर शाम अपनी बाइक से नौबतपुर की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान आंध्र चौकी गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बिक्रम पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल बिक्रम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना के बाद इलाके में बालू लदे वाहनों की बेलगाम रफ्तार और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएच-139 पर रात के समय बालू लदे ट्रकों की तेज रफ्तार आम लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बन चुकी है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं परिजनों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार