बिहार सरकार का कड़ा कदम : पूर्व विधायक नीलम देवी से छीना गया सरकारी बंगला, 25 नवंबर तक मॉल रोड स्थित आवास खाली करने का आदेश

मोकामा विधायक अनंत सिंह को एक और बड़ा झटका लगा है। उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी के उप मंत्री का दर्ज खत्म होने के साथ ही अब बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने नीलम देवी को बंगला खाली करने का निर्देश जारी कर दिया है.....

नीलम देवी को खाली करना होगा सरकारी बंगला- फोटो : फाइल फोटो

Patna : बिहार की राजनीति में बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के खिलाफ सरकार और जेडीयू का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने एक सख्त आधिकारिक पत्र (पत्रांक-10049, दिनांक: 26.10.2026) जारी कर पूर्व विधायक नीलम देवी को मिला सरकारी बंगला खाली करने का निर्देश दिया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की अधिसूचना (सं.-578, दिनांक: 26.10.2026) के तहत नीलम देवी का राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के माननीय सदस्य के रूप में मनोनयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। 


उप मंत्री का दर्जा मिलने पर मिला था मॉल रोड स्थित आवास

गौरतलब है कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य के रूप में उप मंत्री का दर्जा प्राप्त होने के कारण विभाग के कार्यालय आदेश (सं.-73, दिनांक: 19.05.2026) के तहत उन्हें पटना के पॉश इलाके मॉल रोड स्थित आवास संख्या-01 आवंटित किया गया था। लेकिन अब मनोनयन रद्द होने के बाद उनका इस सरकारी बंगले पर अधिकार समाप्त हो गया है। 


25 नवंबर 2026 तक आवास खाली करने की अंतिम चेतावनी

भवन निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव सह भू-सम्पदा अधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 'आवास आवंटन (पटना केन्द्रीय पूल) नियमावली, 1986' के नियम-11(2) 1 के प्रावधानों के अनुसार, सेवा की समाप्ति के उपरांत आवास को अपने कब्जे में रखने की अधिकतम अनुमन्य अवधि केवल एक माह की होती है, जो आगामी 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रही है। विभाग ने उन्हें निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि यानी 25.11.2026 तक मॉल रोड स्थित आवास संख्या-01 को हर हाल में खाली कर दें। 


राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

हाल ही में विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी लाइन के खिलाफ जाने और बगावती तेवर अपनाने के बाद जेडीयू द्वारा अनंत सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने और अब नीलम देवी से सरकारी पद व बंगला छीने जाने की कार्रवाई से बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है। इस कार्रवाई को सरकार द्वारा राजनीतिक अनुशासनहीनता पर उठाया गया एक बड़ा और कड़ा कदम माना जा रहा है।


अभिजीत की रिपोर्ट