अस्पताल में भर्ती मामी के लिए खाना लेकर आ रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दो दोस्त गंभीर

सुपौल के छातापुर में बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक अपने ननिहाल से अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार के लिए खाना लेकर आ रहा था।

Supaul -  जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परियाही के समीप रानीपट्टी नहर सड़क पर शुक्रवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद मृतक के परिवार और ननिहाल दोनों जगह कोहराम मचा हुआ है। 

अस्पताल में भर्ती मामी के लिए ला रहे थे खाना

मृतक की पहचान छातापुर मुख्यालय स्थित हाईस्कूल चौक निवासी राजू मुखिया के पुत्र रवींद्र कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रवींद्र अपने ननिहाल परियाही गया हुआ था। वहां से वह अपने दो दोस्तों—नीतीश कुमार और दीपक कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी मामी के लिए खाना लेकर आ रहा था। इसी दौरान रानीपट्टी नहर पर डीपो के समीप बाइक अचानक फिसल गई। 

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसे के बाद तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) छातापुर लाया गया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. सुश्मिता अर्चना ने रवींद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नीतीश और दीपक की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। 

परिजनों में मचा कोहराम

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक रवींद्र अपने परिवार का होनहार सदस्य था और इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। 

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घायलों के इलाज पर नजर रखी जा रही है और पुलिस सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Report - vinay kumar mishra