इंसाफ की कलम बनी दुश्मन! सुपौल में पंच को घेरकर शरीर पर चलाए अनगिनत छुरे, वारदात के पीछे का सच जान कांप जाएगी रूह!

राघोपुर थाना क्षेत्र के घरहरा पंचायत में इंसाफ की गवाही देना एक पंच को भारी पड़ गया। घात लगाए हमलावरों ने शरीर पर 8 जगह छुरा घोंपा। पंच को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है

  • Supaul - सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित घरहरा पंचायत में सोमवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब ग्राम कचहरी के निर्वाचित पंच 55 वर्षीय मो. मजबूल पर जानलेवा हमला हुआ। वे रोज की तरह अपने घर से खेत की ओर निकले थे, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि घर से कुछ ही दूरी पर मौत घात लगाए बैठी है। मो. सज्जाद के घर के पास पहले से छिपे हमलावरों ने उन्हें अचानक घेर लिया।

    8 जगहों पर छुरा घोंपा, खून से लाल हुई सड़क

  • प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, मुख्य आरोपी मो. नदीम ने अपने हाथ में लिए धारदार छुरा से मजबूल पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके शरीर पर करीब 8 गहरे जख्म पाए गए हैं। हमले के दौरान मौके पर मो. तहरिम, मो. कलाम सहित अन्य लोग भी मौजूद थे। लहूलुहान होकर पंच सड़क पर ही गिर पड़े और हमलावर फरार हो गए।

    आखिर क्या थी इस हमले की खौफनाक वजह?

  • वारदात के पीछे की कहानी महज 10 धुर जमीन के विवाद से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि गांव के मो. राशिद और मो. कलाम के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मो. मजबूल ने इस विवाद में न सिर्फ सामाजिक पंचायत कराई, बल्कि जब मामला थाने पहुंचा तो उन्होंने सच्चाई का साथ देते हुए गवाह के रूप में हस्ताक्षर कर दिए। यही 'सच की गवाही' हमलावरों को नागवार गुजरी और उन्होंने पंच को ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

    हालत नाजुक, डॉक्टरों ने किया हायर सेंटर रेफर

  • घायल अवस्था में परिजनों ने मजबूल को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। अस्पताल के डॉ. संजीव द्विवेदी ने बताया कि काफी खून बह जाने और पेट-सीने पर गहरे जख्म होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखा गया।

    पुलिस की जांच और आरोपी पक्ष का 'पैंतरा'

  • राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को दबोचा जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष के कुछ लोग भी खुद को घायल बताकर अस्पताल पहुंचे, जिसे पुलिस मामले को उलझाने का 'पैंतरा' मान रही है। इलाके में फिलहाल भारी तनाव व्याप्त है।

  • रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्रा