जल भवन में SVU की छापेमारी, अधीक्षण अभियंता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में 5 ठिकानों पर रेड

SVU की कार्रवाई पटना के जल भवन स्थित उनके कार्यालय के अलावा बिहार में पांच अन्य ठिकानों पर भी चल रही है। इसके लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं और सभी स्थानों पर एक साथ जांच की जा रही है।

SVU Raids in Patna- फोटो : news4nation

Bihar News :  राजधानी पटना स्थित जल भवन में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) की टीम ने लघु जल संसाधन विभाग के कार्यालय में छापेमारी शुरू कर दी। आय से अधिक संपत्ति के मामले में SVU की अलग-अलग टीमें अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी ले रही हैं।


जानकारी के अनुसार, राजेंद्र कुमार के खिलाफ तीन करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। इसी मामले की जांच के तहत SVU ने यह कार्रवाई की है। राजेंद्र कुमार लघु जल संसाधन विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और उन्हें विभाग में अनुश्रवण का अतिरिक्त प्रभार भी मिला हुआ है।


SVU की कार्रवाई पटना के जल भवन स्थित उनके कार्यालय के अलावा बिहार में पांच अन्य ठिकानों पर भी चल रही है। इसके लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं और सभी स्थानों पर एक साथ जांच की जा रही है।


जांच के दौरान राजेंद्र कुमार की संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने मुंबई के पनवेल इलाके में करीब 75 डिसमिल जमीन खरीदी है। इस जमीन की मौजूदा कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। SVU की टीम इस संपत्ति समेत अन्य चल-अचल संपत्तियों और उनके आय के स्रोतों की भी जांच कर रही है।


फिलहाल सभी ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद SVU की ओर से बरामद संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य वित्तीय अनियमितताओं को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

अनिल की रिपोर्ट