नवादा कांड पर सियासत तेज, वारदात पर तेजस्वी का सख्त रुख,राजद ने कहा-प्रशासन की लापरवाही से भड़की हिंसा

Bihar News: रोह में 28 मार्च को हुई सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली वारदात पर राष्ट्रीय जनता दल ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधे प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।...

नवादा कांड पर सियासत तेज- फोटो : reporter

Bihar News:बिहार की सियासत में नवादा की घटना ने सियासी तापमान को अचानक तेज कर दिया है। रोह में 28 मार्च को हुई सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली वारदात पर राष्ट्रीय जनता दल  ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधे प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर मानते हुए जांच कमेटी गठित की।

पूर्व मंत्री मो. इसराइल मंसूरी की सरपरस्ती में नौ सदस्यीय टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। इस टीम में कई वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता शामिल रहे, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से बातचीत की और जमीनी सच्चाई को समझने की कोशिश की।

जांच कमेटी की रिपोर्ट ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवालों की बौछार कर दी है। कमेटी का कहना है कि शांति समिति की बैठक में जो फैसले लिए गए थे, उन पर अमल नहीं किया गया। प्रदेश स्तर से पहले ही यह तय था कि डीजे नहीं बजाया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद डीजे बजते रहे और प्रशासन खामोश तमाशबीन बना रहा।

इसराइल मंसूरी ने साफ लहजे में कहा कि अगर प्रशासन वक्त रहते सजग होता, तो यह घटना टल सकती थी। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन गरीबों की दुकानें जलीं, जिनका सामान लूटा गया उन्हें फौरन मुआवजा दिया जाए, क्योंकि इस वारदात ने कई परिवारों को आर्थिक तंगी और फाकाकशी की हालत में पहुंचा दिया है।

राजद ने सरकार को यह भी आगाह किया कि दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन निर्दोषों को फंसाने की सियासत से बचा जाए।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह