'बिहार में माफिया का राज, गवर्नेंस जीरो', अनाड़ी मुख्यमंत्री से नहीं संभल रहा बिहार... तेजस्वी ने NDA सरकार को घेरा
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें अनुभवहीन और अकुशल बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बिहार संभल नहीं रहा है, जिसके कारण राज्य में अराजक और विध्वंसक स्थिति पैदा हो गई है।
Bihar News : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिहार की मौजूदा स्थिति को वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक कुव्यवस्था, बदइंतजामी, अनुशासनहीनता और राजशून्यता का पर्याय बताया है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार में कुशासन, बदहाल विधि-व्यवस्था और भ्रष्टाचार गंभीर संरचनात्मक समस्या बन चुके हैं, जिसका असर सरकार से लेकर समाज के हर स्तर पर पड़ रहा है।
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि बिहार में हर स्तर पर माफिया का राज है। इससे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति क्या होगी कि अपराधी पुलिसकर्मियों की हत्या कर रहे हैं और पुलिस अपनी खामियां छिपाने के लिए निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और प्रशासनिक व्यवस्था पर सरकार का नियंत्रण नहीं रह गया है।
मुख्यमंत्री पर भी साधा निशाना
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें अनुभवहीन और अकुशल बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बिहार संभल नहीं रहा है, जिसके कारण राज्य में अराजक और विध्वंसक स्थिति पैदा हो गई है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री के अल्पज्ञान, अनाड़ी कार्यशैली और अकुशलता के कारण अधिकारी उन्हें गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि जनसमस्याओं का समाधान, जनसरोकार और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोक कल्याणकारी मुद्दों के बजाय गैरवाजिब मुद्दों को तरजीह देते रहते हैं।
रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी घेरा
तेजस्वी यादव ने कहा कि नौकरी-रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, विधि-व्यवस्था, औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, टेक्नोलॉजी, विकास तथा निवेश जैसे मुद्दे मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में नजर नहीं आते। उन्होंने मुख्यमंत्री की अनुभवहीनता को पुलिस और प्रशासन की बेलगाम कार्यशैली तथा भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार ठहराया।
अपने पोस्ट के अंत में तेजस्वी ने एनडीए सरकार के सत्ता में आने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए सत्ता में आए लोगों ने क्या बिहार को बर्बादी के गर्त में धकेलने के लिए मुख्यमंत्री के हाथों में राज्य की बागडोर सौंपी है?
रंजन की रिपोर्ट