बिहार की कानून-व्यवस्था पर तेजस्वी ने उठाए सवाल : आंकड़ों के साथ सरकार को घेरा, 'जात देखकर एनकाउंटर' करने का लगाया आरोप

Bihar Politics : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की सम्राट सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने जहां प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को घेरा है। वहीं सरकार जात देखकर अपराधियों के एनकाउंटर किये जाने का आरोप लगाया है...

तेजस्वी का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे की कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि जब से बिहार में नई सरकार का गठन हुआ है, तब से महिलाओं के खिलाफ हत्या और बलात्कार जैसी जघन्य अपराधों की बाढ़ आ गई है और सरकार इन पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूबे के शीर्ष नेतृत्व के संरक्षण में जिस प्रकार से महिलाओं के साथ दरिंदगी और अपराध की घटनाएं हो रही हैं, वह सबके सामने स्पष्ट है।


आंकड़ों की सूची सौंप सरकार से पूछे तीखे सवाल

अपने दावों को मजबूती देने के लिए नेता प्रतिपक्ष ने अप्रैल महीने में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का एक विस्तृत आंकड़ा भी पेश किया। उन्होंने दरभंगा और सहरसा में नाबालिग लड़कियों से गैंगरेप, लखीसराय व किशनगंज में युवतियों की हत्या और मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र किया। तेजस्वी यादव ने पटना के बाईपास में दुष्कर्म में असफल होने पर लड़की की हत्या, गोपालगंज में ननद-भाभी के साथ गैंगरेप और जमुई में दो बहनों के अपहरण जैसी घटनाओं को रेखांकित करते हुए सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए।


'जात देखकर एनकाउंटरकरने का लगाया आरोप

तेजस्वी यादव ने एक बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में वर्तमान समय में 'जात देखकर एनकाउंटर' कराया जा रहा है। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए पूछा कि जिन अपराधियों ने महिलाओं के साथ ऐसी घिनौनी और दर्दनाक घटनाओं को अंजाम दिया है, उन लोगों का एनकाउंटर आखिर कब होगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार को जात ही देखनी है, तो पहले पीड़ित महिलाओं की जात देखें और फिर उन दरिंदों की भी जात देखें जिन्होंने इस तरह के कुकृत्य किए हैं।


महिला रोजगार और विकास योजनाओं पर घेरा

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और रोजगार योजनाओं को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि महिला रोजगार योजना के तहत मिलने वाली 1 लाख 90 हजार रुपये की दूसरी किस्त सरकार कब जारी करेगी? उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर यह सरकार महिलाओं को उनका हक यानी तयशुदा 2 लाख रुपये नहीं देगी, तो राज्य की महिलाएं एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का राजनीतिक सफाया कर देंगी।


'रील और फोटोशूटमें व्यस्त है बिहार सरकार

बिहार की वित्तीय स्थिति और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार अब और ज्यादा कर्ज (रेल/लोन) लेने की तैयारी में है। उन्होंने सवाल किया कि ये लोग आखिर बिहार को और कितना डुबाएंगे, क्योंकि इन्होंने प्रदेश को पहले ही बर्बाद कर दिया है। तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आज बिहार की सरकार केवल सोशल मीडिया पर 'रील' बनाने और 'फोटोशूट' कराने में व्यस्त है, जबकि जनता और प्रदेश की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।


रंजन की रिपोर्ट