तेजस्वी का ऐलान - छात्र आंदोलन में घायल और जेल गए युवाओं को देंगे पेंशन, पीएम मोदी को लेकर हैरान करने वाला दावा
तेजस्वी यादव ने प्रश्नपत्र लीक होने के विरोध में सड़क पर उतरे छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर हुए पुलिस बल प्रयोग की जोरदार आलोचना करते हुए बड़ा ऐलान किया है.
Bihar News : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि आंदोलन के दौरान जो छात्र घायल हुए हैं या जेल गए हैं, यदि भविष्य में बिहार में उनकी सरकार बनती है तो ऐसे सभी छात्रों को पेंशन देने की व्यवस्था की जाएगी।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजद प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो पर निकलने से पहले पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान सरकार ने जिस तरह कार्रवाई की, वह दुर्भाग्यपूर्ण थी। उन्होंने दावा किया कि जनता के भारी दबाव के कारण राज्य सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा, लेकिन उनकी पार्टी की मांग अब भी वही है कि पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि केवल फैसला वापस लेना पर्याप्त नहीं है। आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर गलत कार्रवाई हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
बांकीपुर उपचुनाव जीत का दावा
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में है। पार्टी के कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच हैं और उन्हें लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के प्रति जनता में भारी नाराजगी है और इसका असर चुनाव परिणाम में देखने को मिलेगा।
पीएम मोदी आने वाले थे प्रचार को
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित पटना दौरे को लेकर भी तेजस्वी यादव ने निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में प्रचार करने के लिए पटना आने वाले थे, लेकिन जनता के आक्रोश को देखते हुए उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने विश्वास जताया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजद की जीत होगी और जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।
रंजन की रिपोर्ट