वंशीधर बृजवासी और राहुल राज की MLC सदस्यता रद्द कराने पर तेजस्वी का अल्टीमेट, सभापति को सौंपा ज्ञापन

तेजस्वी का कहना है कि इन परिस्थितियों में दोनों की सदस्यता पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि सभी ने देखा है कि दोनों ने सदस्यता ली और बयान भी दिया। हालांकि, बाद में दोनों नेताओं ने बीजेपी में शामिल होने से इनकार किया था।

Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार की सियासत में विधान परिषद के दो निर्दलीय नवनिर्वाचित सदस्यों की सदस्यता को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वंशीधर बृजवासी और राहुल राज की विधान परिषद सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। इसको लेकर उन्होंने विधान परिषद के सभापति रामवचन राय से मंगलवार को मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। तेजस्वी ने चेतावनी दी कि यदि दोनों की सदस्यता रद्द नहीं की गई तो वे इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।


सभापति से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने कानून और नियमावली की धज्जियां उड़ाई हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनाव जीतने के बाद उनकी तस्वीरें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सामने आई थीं। उनके गले में बीजेपी का पट्टा भी दिखाई दिया था और पार्टी की सदस्यता लेने की चर्चा हुई थी।


तेजस्वी का कहना है कि इन परिस्थितियों में दोनों की सदस्यता पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि सभी ने देखा है कि दोनों ने सदस्यता ली और बयान भी दिया। हालांकि, बाद में दोनों नेताओं ने बीजेपी में शामिल होने से इनकार किया था। बीजेपी की ओर से भी कहा गया था कि दोनों ने केवल पार्टी को समर्थन दिया है, सदस्यता नहीं ली है।


सभापति पर भी बोले तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने सभापति रामवचन राय को अच्छा व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन पर ऊपर से दबाव है। उन्होंने कहा कि सभापति को इस मामले में निष्पक्ष निर्णय लेना चाहिए। तेजस्वी ने यह भी याद दिलाया कि रामवचन राय पहले आरजेडी से ही विधान परिषद पहुंचे थे।


भर्ती और ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर सरकार पर हमला

तेजस्वी यादव ने विधान परिषद में कथित भर्ती घोटाले और राज्य में नियुक्तियों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में हर वैकेंसी पैसे पर बिक रही है। चपरासी, क्लर्क से लेकर दारोगा तक की बहाली में पैसे के लेन-देन का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अब ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल चल रहा है।


तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि अब ऐसा लग रहा है कि सरकार चपरासी का भी ट्रांसफर-पोस्टिंग करने लगेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौकरी और तबादलों के नाम पर भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।


यूपी चुनाव पर भी किया बड़ा दावा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी तेजस्वी यादव ने बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि इस बार उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। तेजस्वी के मुताबिक, यूपी की जनता अखिलेश यादव को पसंद कर रही है।

अभिजीत की रिपोर्ट