'बिहार में 47.92 लाख लोग बाढ़ में फंसे लेकिन केंद्र सरकार से कोई झाँकने नहीं आया', तेजस्वी यादव का हमला- ‘डबल इंजन’ का क्या फायदा?
उन्होंने केंद्र पर बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य को मदद की जरूरत है।
Bihar News : बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बड़ी आबादी बाढ़ से प्रभावित है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से राज्य को अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जब बिहार में आपदा की स्थिति है, तब केंद्र और भाजपा शासित राज्यों के नेता प्रभावित लोगों के बीच क्यों नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा, आज बिहार के लाखों लोग बाढ़ में फंसे हैं लेकिन केंद्र से कोई बिहार में झाँकने तक नहीं आया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनका तंज था कि चुनाव के समय बिहार आने वाले भाजपा के बड़े नेताओं के पास बाढ़ के समय राज्य का हाल जानने के लिए समय नहीं है। उन्होंने केंद्र पर बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य को मदद की जरूरत है।
47.92 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बिहार के 15 जिलों के 87 प्रखंडों की करीब 47.92 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने के बावजूद तेजस्वी ने केंद्र से मिलने वाली सहायता को लेकर सवाल उठाए और कहा कि राज्य सरकार के पास भी पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।
सम्राट चौधरी सरकार पर हमला
इसी दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सम्राट चौधरी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा, जब हत्या या कोई गंभीर अपराध नहीं हो रहा हो। उनके मुताबिक भाजपा सरकार बनने के बाद अपराध बढ़ा है और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अपराधियों के हौसले और बढ़े हैं।
तेजस्वी के इस हमले के बीच शनिवार को सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की हत्या का मामला भी सामने आया। डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया निवासी बैद्यनाथ महतो सुबह टहलने निकले थे, तभी बदमाशों ने उन पर कई गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी खुशदिल देवी जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य हैं।
हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी के घर में आग लगा दी। स्थिति संभालने के लिए करीब 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी और एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच झड़प में ट्रैफिक थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की करीब आठ गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।