Tejashwi Yadav Son : सोहर की मधुर गूंज के साथ तेजस्वी यादव की सजी चौखट, राबड़ी आवास पर बजा खुशियों का ढोल
Tejashwi Yadav Son : राजद सुप्रीमो लालू यादव के घर के बाहर आज महिलाओं की एक टोली पहुंची। महिलाओं ने तेजस्वी यादव के बेटे होने पर सोहर गाकर खुशी जाहिर की।
Tejashwi Yadav Son : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर पिता बने हैं। इस बार उनके घर बेटे ने जन्म लिया है। 27 मई को कोलकाता के एक अस्पताल में राजश्री यादव ने बेटे को जन्म दिया। लालू परिवार कोलकाता में अपने नन्हें मेहमान के स्वागत के लिए पहुंचे थे। फिलहाल राजश्री और तेजस्वी यादव के बच्चे कोलकाता में ही हैं। हालांकि तेजस्वी यादव पटना लौट आएं हैं। तेजस्वी के लौटते ही राबड़ी आवास में खुशियों का माहौल है। आज सुबह सुबह राबड़ी आवास के बाहर भारी संख्या में महिलाएं पहुंच गई। महिलाओं ने राबड़ी आवास के बाहर सोहर गाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
राबड़ी आवास के बाहर सजी महफिल
बताया जा रहा है कि लालू यादव सुबह सुबह घुमने के लिए निकले थे जब वो वापस लौटे तो उनके घर के बाहर भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थी। महिलाएं सोहर गाकर तेजस्वी को बधाई दे रही थीं। महिलाओं का कहना था कि वो लालू यादव के पोता होने पर उनके घर आई हैं वो तेजस्वी यादव के पिता बनने पर उन्होंने बधाई देने आई है। अब वो तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने पर भी आएंगी उन्हें बधाई देने।
सोहर से गूंजा राबड़ी आवास
बता दें कि तेजस्वी यादव को पहले से एक बेटी है जिसका नाम कात्यायनी है। वहीं अब उन्हें बेटा हुआ है जिसका नाम लालू यादव और राबड़ी देवी ने इराज रखा जिसके बाद तेजस्वी राजश्री ने इसे इराज लालू यादव कर दिया। यानी तेजस्वी यादव के बेटे का नाम इराज लालू यादव है। इराज फिलहाल कोलकाता में हैं। सूत्रों की मानें तो जल्द ही राजश्री अपनी बच्चों के साथ पटना लौटेंगी। जिसके बाद लालू परिवार एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन करेगा।
महिलाओं ने गाया सोहर
राबड़ी आवास के प्रांगण में उत्सव का आलम था। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के घर पुत्र रत्न की प्राप्ति पर आनंदमय हो कर महिलाओं ने सोहर गाया। सोहर की मधुर गूंज, जो बिहार की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है ने पूरे राबड़ी आवास को गुंजायमान किया। महिलाओं के समूह, रंग-बिरंगे परिधानों में झाल की थाप पर खुशियों का उत्सव मनाया। उनके कंठ से निकलते मंगल गीत, नवजात के उज्ज्वल भविष्य की कामना से ओतप्रोत थे।
बच्चे को दिया आशीर्वाद
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी की चौखट, जो आज महिलाओं की टोली से सजी थी। मानों साक्षी बन रही थी इस अपार हर्ष का। राबड़ी आवास के लोग अपने ममत्व भरे हृदय से, इस सुखद क्षण को आत्मसात कर रहे थे। पूरे वातावरण में गर्व और उल्लास की चमक स्पष्ट रुप से दिख रही थी। इस दौरान सुरक्षा कर्मी भी मुस्तैदी से ड्यूटि पर तैनात हो कर इस खुशी में शरीक हुए। यह क्षण लालू यादव के परिवार के साथ बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं का संगम था। सोहर के स्वर, झाल की खनक और महिलाओं की हंसी-खुशी ने मिलकर एक ऐसी स्मृति रची जो लोग याद करेंगे। तेजस्वी के आंगन में नन्हा सूरज उदित हुआ, जो उनके कुल का गौरव बढ़ाएगा। इस मंगलमय अवसर पर सभी ने नवजात के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की मंगलकामना की।
पटना से रंजन की रिपोर्ट