तेजस्वी यादव जाएंगे दिल्ली, राहुल गांधी-अखिलेश यादव से होगी मुलाकात ! बिहार में विपक्ष करेगा बड़ा खेला
दिल्ली दौरे के दौरान तेजस्वी यादव बिहार में हुई हालिया घटनाओं को लेकर विपक्षी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। खास तौर पर जहानाबाद और सीवान में प्रदर्शन के दौरान हुई गोलीबारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जा सकता है।
Bihar News : बिहार में हाल के प्रदर्शनों के दौरान हुई गोलीबारी की घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अब विपक्षी दलों को एकजुट करने की तैयारी में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव जल्द ही दिल्ली जाएंगे, जहां वे विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के नाम भी सामने आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली दौरे के दौरान तेजस्वी यादव बिहार में हुई हालिया घटनाओं को लेकर विपक्षी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। खास तौर पर जहानाबाद और सीवान में प्रदर्शन के दौरान हुई गोलीबारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जा सकता है। तेजस्वी यादव पहले ही इन घटनाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठा चुके हैं और विपक्षी नेताओं से बिहार पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलने की अपील कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव दिल्ली में विपक्ष के कई सांसदों और नेताओं से मुलाकात कर बिहार की मौजूदा राजनीतिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करेंगे। इस दौरान आगे की रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श हो सकता है।
बिहार में बड़े आंदोलन की तैयारी?
सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों के बाद बिहार में विपक्ष की ओर से बड़ा आंदोलन खड़ा करने की रणनीति तैयार की जा सकती है। विपक्षी दलों के सांसदों के बिहार आने और गोलीबारी की घटनाओं में प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने की भी संभावना जताई जा रही है।
तेजस्वी यादव लगातार यह मांग करते रहे हैं कि प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने की घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। ऐसे में दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ होने वाली उनकी संभावित बैठक को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
19 अगस्त बेहद अहम
सूत्रों का दावा है कि 19 अगस्त के बाद बिहार के राजनीतिक माहौल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, विपक्ष की ओर से आंदोलन की तारीख, स्वरूप और कार्यक्रम को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अगर तेजस्वी यादव की विपक्षी नेताओं के साथ बैठक होती है और संयुक्त रणनीति बनती है, तो आने वाले दिनों में बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।