राज्यपाल के अभिभाषण पर तेजस्वी यादव का बड़ा हमला- बिहार सिर्फ दो चीजों में अव्वल है— भ्रष्टाचार और अपराध

तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के भाषण को “खानापूर्ति” करार देते हुए कहा कि भाषण में विकास की तस्वीर भले दिखाई गई हो, लेकिन सच्चाई यह है कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बेहद खराब है।

Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Tejashwi Yadav : बिहार विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को हुई। इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सदन में अपना अभिभाषण दिया। अपने भाषण में उन्होंने नवंबर 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस व्यवस्था और आधारभूत संरचना समेत कई क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने इन वर्षों में व्यापक बदलाव किए हैं और जनता को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में लगातार काम हुआ है।


लेकिन राज्यपाल के इस अभिभाषण के तुरंत बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर जोरदार हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि “कई राज्यपाल आए और गए, लेकिन राज्यपाल वही बोलते हैं जो सरकार लिखकर देती है। अधिकारी और सरकार जो लिख देते हैं, राज्यपाल बस वही पढ़ते रहते हैं।” तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के भाषण को “खानापूर्ति” करार देते हुए कहा कि भाषण में विकास की तस्वीर भले दिखाई गई हो, लेकिन सच्चाई यह है कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि रेप, मर्डर, हत्या, किडनैपिंग, गोलीकांड जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।


सीबीआई जांच से नहीं निकलता हल 

NEET छात्र हत्या मामले में CBI जांच के मुद्दे पर तेजस्वी ने सवाल उठाते हुए कहा कि “बालिका गृह कांड की जांच भी सीबीआई कर रही है, क्या हुआ? सृजन घोटाले की जांच भी सीबीआई कर रही है, क्या हुआ?” तेजस्वी यादव ने सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “किसी भी ब्लॉक में चले जाइए, किसी थाने में चले जाइए, हर जगह भ्रष्टाचार है।” 


बिहार सबसे फिसड्डी 

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीधा सवाल पूछा कि “पूरे देश में बिहार सबसे फिसड्डी राज्य क्यों है?” तेजस्वी ने दावा किया कि चाहे नीति आयोग की रिपोर्ट हो या प्रति व्यक्ति आय, हर पैमाने पर बिहार पिछड़ा है। उन्होंने कहा कि बिहार केवल दो चीजों में अव्वल है—भ्रष्टाचार और अपराध।


रोजगार पर घेरा 

रोजगार के मुद्दे पर भी तेजस्वी ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है कि हर जिले में उद्योग लगाए जाएंगे और एक करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि किस प्रकार का रोजगार और कैसे दिया जाएगा।


केंद्र में बजट में कुछ नहीं 

केंद्र सरकार के बजट पर भी तेजस्वी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि “केंद्र के बजट में बिहार के लिए कुछ नहीं है। पिछले साल बिहार में चुनाव था तो बिहार का जिक्र हुआ था, अब तमिलनाडु में चुनाव है तो तमिलनाडु की बात हो रही है।”

रंजन की रिपोर्ट