सदाकत आश्रम में मनाई गई बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती, कांग्रेस नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

जयंती पर याद किए गए डॉ. श्रीकृष्ण सिंह- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और आधुनिक बिहार के निर्माता 'बिहार केसरी' स्व. डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती राजधानी पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में धूमधाम से मनाई गई। इस पावन अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे श्रीकृष्ण सिंह

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक मूल्यों और बिहार के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों के बल पर आधुनिक बिहार के नवनिर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका व्यक्तित्व समाज के शोषित, पीड़ित, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।


स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर बिहार के विकास तक अहम योगदान

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि 'श्री बाबू' ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और देश की आजादी के बाद बिहार को विकास की पटरी पर दौड़ाने के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किए। उनके आदर्श, विचार और जनसेवा की बेदाग भावना आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक है। उनके बताए गए मार्ग पर चलकर ही देश और राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।


कार्यक्रम में कई दिग्गज कांग्रेसी नेता रहे मौजूद

इस श्रद्धांजलि सभा के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, ब्रजेश प्रसाद मुनन, चन्द्रप्रकाश सिंह, ब्रजेश पाण्डेय, पंकज यादव, वैद्यनाथ शर्मा, डॉ. संजय यादव, डॉ. अमन कुमार, संजय कुमार पाण्डेय, सूरज सिंह यादव, अरविन्द लाल रजक, कुमारी अनिता, निधि पाण्डेय, अरूण पाठक, डॉ. आशुतोष शर्मा, विशाल यादव, उमर सैफुल्लाह खां, निरंजन कुमार, मिथिलेश कुमार निषाद, डॉ. सत्येन्द्र कुमार, धर्मवीर शुक्ला, डॉ. प्रमोद पाण्डेय, वसीम अहमद, शैली विनोद, विन्धयाचल आनन्द, नवलैश कुमार सिंह और डॉ. अशोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


नरोत्तम की रिपोर्ट