नक्सलमुक्त बिहार की उपलब्धि राष्ट्रीय मंच पर होगी प्रदर्शित, केवड़िया के राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे बिहार के 1100 प्रतिभागी
बिहार के नक्सल मुक्थ होने की ऐतिहासिक उपलब्धि की गूंज गुजरात के केवड़िया तक पहुंचेगी।सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित होने वाले 'राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह' में बिहार का यह सफर विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा...
Patna : बिहार पुलिस मुख्यालय के विधि-व्यवस्था प्रभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री के 'नक्सलमुक्त भारत' के संकल्प को साकार करते हुए 31 मार्च 2026 को बिहार को 'नक्सलमुक्त राज्य' घोषित किया जा चुका है। "संकल्प से सिद्धि" तक का यह सफर राज्य में पुलिस और प्रशासनिक प्रतिबद्धता की एक बड़ी सफलता के रूप में दर्ज हुआ है। अब बिहार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की गूंज गुजरात के केवड़िया तक पहुंचेगी।
सरदार पटेल जयंती पर राष्ट्रीय मंच पर बिहार का प्रतिनिधित्व
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित होने वाले 'राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह' में बिहार का यह सफर विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस समारोह में भाग लेने के लिए बिहार एसटीएफ (STF) के 206 पुलिसकर्मियों के साथ-साथ राज्य के 22 नक्सलमुक्त जिलों से चुने गए कुल 1,100 ग्रामीण प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक जिले से 50 ग्रामीणों का चयन किया गया है जो राष्ट्रीय मंच पर नक्सलमुक्त बिहार की जनभागीदारी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे ट्रेन को फ्लैग ऑफ
गुजरात जाने वाले इन 1,100 ग्रामीण प्रतिभागियों के जत्थे को 28 अक्टूबर 2026 को शाम 4:00 बजे पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा रवाना किया जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस जत्थे को हरी झंडी दिखाकर ("फ्लैग ऑफ") केवड़िया के लिए रवाना करेंगे।
विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश
पटना से एकतानगर (केवड़िया) तक की यह यात्रा नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को साकार करने और राज्य में शांति बहाली का एक विशिष्ट संदेश लेकर जाएगी। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, राज्य के पूर्व नक्सल प्रभावित जिलों में अब लगातार जनकल्याणकारी और विकासोन्मुखी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जारी है।
रंजीत की रिपोर्ट