Bihar News : विधानसभा में गूंजा घोसी हाजत में युवक की संदिग्ध मौत का मामला, विधायक राहुल कुमार ने सरकार को घेरा, आरोपी थानेदार के प्रमोशन पर उठाए सवाल
PATNA : वर्ष 2021 में घोसी थाने के हाजत में बंद एक युवक की संदेहास्पद मौत का मामला शुक्रवार को विधानसभा में जोरशोर से उठाया गया। जहानाबाद के विधायक राहुल कुमार ने सदन में सरकार को घेरते हुए इस गंभीर मामले में अब तक की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। विधायक राहुल कुमार ने कहा कि घोसी थाना क्षेत्र के लखावर निवासी गिरजेश उर्फ जेसिया की मौत थाने की हाजत में हुई थी, जिसे उस समय संदेहास्पद माना गया था।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश देखने को मिला था और लोगों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया था। मामले की जांच के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष निखिल कुमार सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई थी। लेकिन जिस अधिकारी पर कार्रवाई होनी चाहिए थी, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के बजाय सरकार ने उसे पदोन्नति दे दी। विधायक ने सदन में कहा कि निखिल कुमार सिंह को प्रमोशन देकर वर्तमान में डीएसपी के पद पर तैनात कर दिया गया है, जो न्याय की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार की दोहरी नीति को दर्शाता है, जहां दोषियों को दंडित करने के बजाय पुरस्कृत किया जा रहा है। विधायक ने सवाल उठाया कि जब हाजत में हुई मौत की जिम्मेदारी तय हो चुकी थी, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही गई थी, लेकिन समय बीतने के साथ मामला ठंडे बस्ते में चला गया। इससे परिजनों की न्याय की उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी। अब विधानसभा में यह मामला उठने के बाद एक बार फिर परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
विधायक ने सरकार से मांग किया है कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में किसी भी व्यक्ति की मौत लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है। सदन में इस मुद्दे के उठने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।