बिहार प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन में बदलाव, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

Patna : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा (बि.प्र.से.) के अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। 15 जुलाई 2026 को विभाग द्वारा जारी नई अधिसूचना के तहत, गत 12 जुलाई को हुए 45 अधिकारियों के स्थानांतरण आदेशों में आंशिक संशोधन किए गए हैं, साथ ही नए अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।


ललित राही बने कैमूर के नए डीटीओ, सुनंदा कुमारी औरंगाबाद में ही रहेंगी बरकरार

नई अधिसूचना के अनुसार, 12 जुलाई की तबादला सूची के क्रमांक-44 पर अंकित अधिकारी श्री ललित राही के पूर्व के स्थानांतरण आदेश को निरस्त कर दिया गया है। पंचायती राज विभाग, पटना में विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) के पद पर तैनात श्री ललित राही को अब जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), कैमूर के पद पर भेजा गया है। वहीं, पूर्व की सूची के अनुसार स्थानांतरित होने वालीं श्रीमती सुनंदा कुमारी अब जिला परिवहन पदाधिकारी के रूप में औरंगाबाद में ही अपने पद पर बनी रहेंगी।


दीक्षित श्वेताभ अररिया के नए SDO, मुकेश मुकुल बने पूर्णिया के ADM

काफी समय से पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रहे बि.प्र.से. के अधिकारी श्री दीक्षित श्वेताभ को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए अररिया का नया अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के उप सचिव श्री मुकेश कुमार मुकुल का तबादला करते हुए उन्हें पूर्णिया का अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) बनाया गया है। वह अपने ही वेतनमान में इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।


नालंदा को मिले नए डीटीओ, शैलेश कुमार को जहानाबाद व अरवल का जिम्मा

तबादलों की इस कड़ी में कैमूर के जिला परिवहन पदाधिकारी रवि रंजन का स्थानांतरण जिला परिवहन पदाधिकारी, नालंदा के पद पर किया गया है। इसके अलावा, अरवल के उप विकास आयुक्त (DDC)-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO), जिला परिषद श्री शैलेश कुमार को जहानाबाद का बंदोबस्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें अरवल के बंदोबस्त पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।


मो. मुस्तकीम का तबादला 15 अगस्त के बाद होगा प्रभावी, बिना छुट्टी ज्वाइनिंग के निर्देश

अधिसूचना के अनुसार, मो. मुस्तकीम (महाप्रबंधक प्रशासन, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम, पटना) का स्थानांतरण आगामी 15 अगस्त 2026 के बाद प्रभावी माना जाएगा। नए अनुमंडल पदाधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां प्रदान की गई हैं। विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे परगमन काल (तैयारी की छुट्टी) का उपभोग किए बिना तत्काल अपने नए पदस्थापन वाले पद पर योगदान दें और इसकी सूचना विभाग को भेजें।