Bihar Education : बिहार में 2030 तक बदलेगी बीएड कॉलेजों की रूप रेखा, बनेंगे बहुविषयक डिग्री महाविद्यालय, तैयारी तेज

Bihar Education : राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश के एकल शिक्षक शिक्षा संस्थानों को वर्ष 2030 तक बहुविषयक (मल्टी-डिसिप्लिनरी) डिग्री महाविद्यालयों के रूप में विकसित किया जाएगा।

PATNA : राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश के एकल शिक्षक शिक्षा संस्थानों को वर्ष 2030 तक बहुविषयक (मल्टी- डिसिप्लिनरी) डिग्री महाविद्यालयों के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में राज्य स्तर पर पहल शुरू कर दी गई है।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के अंतर्गत संचालित सभी बीएड कॉलेजों के साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बीआईटीई, पीटीईसी और सीटीई संस्थानों को बहुविषयक डिग्री महाविद्यालयों के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।इस पहल का उद्देश्य शिक्षक शिक्षा संस्थानों को केवल शिक्षक प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए उनमें विभिन्न विषयों की पढ़ाई की व्यवस्था विकसित करना है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अन्य विषयों में भी अध्ययन के अवसर मिल सकेंगे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप इस बदलाव से शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विभिन्न शैक्षणिक विषयों के बीच समन्वय और उच्च शिक्षा के व्यापक अवसर विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। वर्ष 2030 तक इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए संबंधित संस्थानों को आवश्यक तैयारियां और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करनी होगी।

इस पहल के लागू होने से प्रदेश में शिक्षक शिक्षा का स्वरूप बदलने के साथ ही बीएड और अन्य शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों को उच्च शिक्षा के बहुविषयक केंद्रों के रूप में विकसित करने का रास्ता साफ होगा।