Bihar News : सोन नदी के पानी से बुझेगी औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम के लोगों की प्यास, 8 लाख लोगों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

Bihar News : औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम के लोगों को आने वाले वर्षों में पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलने वाली है। सोन नदी के सतही जल का उपयोग कर इन तीनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सोन से बुझेगी प्यास - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम के लोगों को आने वाले वर्षों में पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलने वाली है। सोन नदी के सतही जल का उपयोग कर इन तीनों क्षेत्रों में दीर्घकालिक और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल संसाधन विभाग की महत्वाकांक्षी योजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। योजना पूरी होने पर वर्तमान में करीब आठ लाख लोगों को पेयजल सुविधा मिलेगी, जबकि वर्ष 2051 तक लगभग 12 लाख की आबादी की पेयजल जरूरतों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत पांच सितंबर 2024 को हुई थी। मूल रूप से इसके लिए 1347.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। हालांकि, तकनीकी परीक्षण, स्थल की वास्तविक परिस्थितियों और निर्माण कार्यों की जरूरतों के अनुसार डिजाइन एवं कार्य की मात्रा में बदलाव के कारण परियोजना की लागत बढ़कर अब 2014.65 करोड़ रुपये हो गई है। यानी योजना की लागत में 667.33 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। विभाग ने कार्य पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा चार मार्च 2027 तय की है।

तकनीकी जरूरतों के कारण बढ़ी परियोजना की लागत

जल संसाधन विभाग के अनुसार, परियोजना के विस्तृत डिजाइन और ड्रॉइंग का तकनीकी परीक्षण एवं अनुमोदन आईआईटी रुड़की और आईआईटी दिल्ली जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से कराया गया है। तकनीकी परीक्षण के दौरान संरचनाओं की मजबूती, सुरक्षा, स्थल की वास्तविक परिस्थितियों और कार्य के प्रभावी निष्पादन को ध्यान में रखते हुए कुछ निर्माण कार्यों के डिजाइन और उनकी मात्रा में संशोधन की जरूरत सामने आई। इसके अलावा पाइपलाइन नेटवर्क, विद्युत एवं ट्रांसमिशन व्यवस्था, स्काडा प्रणाली, पहुंच पथ, चारदीवारी और अन्य सहायक कार्यों में भी आवश्यक बदलाव किए गए। इन्हीं तकनीकी एवं स्थल आधारित आवश्यकताओं के कारण परियोजना की कुल लागत में वृद्धि हुई है।

डिहरी एनीकट से जलशोधन संयंत्र तक बनेंगी आधुनिक संरचनाएं

इस परियोजना के तहत सोन नदी के पानी को पेयजल के रूप में उपलब्ध कराने के लिए व्यापक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें डिहरी एनीकट का आधुनिकीकरण, इंटेक वेल और पंप हाउस का निर्माण, जलशोधन संयंत्र, जल भंडारण संरचनाएं तथा बड़े पैमाने पर पाइपलाइन नेटवर्क विकसित करना शामिल है। इसके साथ ही निर्बाध जलापूर्ति के लिए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसमिशन सिस्टम, स्काडा प्रणाली और अन्य सहायक संरचनाएं भी तैयार की जा रही हैं।

भूजल पर निर्भरता होगी कम

इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पेयजल आपूर्ति के लिए भूजल के बजाय सोन नदी के सतही जल का उपयोग किया जाएगा। इससे शहरी क्षेत्रों में भूजल संसाधनों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति की एकीकृत एवं दीर्घकालिक व्यवस्था विकसित हो सकेगी।

काम पूरा होने के बाद तीन महीने का ट्रायल

परियोजना का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तीन महीने तक ट्रायल रन कराया जाएगा। इस दौरान पूरी व्यवस्था की कार्यक्षमता और जलापूर्ति की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद अगले पांच वर्षों तक योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित संवेदक की होगी। सोन नदी आधारित यह परियोजना औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम के लिए भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। निर्धारित समय पर काम पूरा होने की स्थिति में इन क्षेत्रों को एक आधुनिक सतही जल आधारित पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मिलेगी, जिससे लाखों लोगों को राहत मिलने के साथ भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।