Bihar Vidhanmandal : बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से होगा शुरू, पांच दिवसीय सत्र में पेश होगा दूसरा अनुपूरक बजट

Bihar Vidhanmandal : बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र पांच दिनों का होगा और 4 दिसंबर तक चलेगा.....पढ़िए आगे

30 नवम्बर से सत्र की शुरुआत - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार विधानमंडल का आगामी शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। कुल पांच कार्य दिवसों तक चलने वाला यह सत्र 4 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। बिहार विधानसभा के निदेशक के स्तर से इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर सत्र के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दे दी गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बिहार विधानसभा की कार्यवाही 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। सत्र के पहले दिन यदि कोई नवनिर्वाचित सदस्य होंगे, तो उनका शपथ ग्रहण कराया जाएगा। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 का दूसरा अनुपूरक व्यय विवरणी सदन पटल पर रखा जाएगा तथा कार्यवाही के अंत में शोक प्रस्ताव (यदि कोई हो) प्रस्तुत किया जाएगा।

सत्र के दूसरे और तीसरे दिन यानी 1 एवं 2 दिसंबर को सदन में राजकीय विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण राजकीय कार्य निपटाए जाएंगे। इन दोनों दिनों के दौरान सरकार की ओर से कई अहम विधायी प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है, जिन पर सदन में चर्चा होगी। कार्यक्रम के चौथे दिन यानी 3 दिसंबर को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दूसरे अनुपूरक व्यय विवरणी पर विस्तृत वाद-विवाद होगा। चर्चा के उपरांत इस पर मतदान कराया जाएगा और इससे संबंधित विनियोग विधेयक को सदन से पारित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सत्र के अंतिम दिन अर्थात 4 दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्यों के कार्य और गैर-सरकारी संकल्प लिए जाएंगे। पांच दिनों के इस संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण शीतकालीन सत्र को लेकर विधानमंडल सचिवालय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।