Bihar Crime : पटना में बेख़ौफ़ चोरों ने मचाया तांडव, रिटायर्ड एडीएम के बंद घर को बनाया निशाना, लाखों की सम्पत्ति पर किया हाथ साफ़

Bihar Crime : पटना के पॉश इलाके में चोरों ने एक रिटायर्ड एडीएम के बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लगभग एक लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

पटना के पॉश इलाके में चोरी - फोटो : ANIL

PATNA : पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के गांधीनगर में चोरों ने एक रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी (एडीएम) के घर को निशाना बनाया. मकान का ताला तोड़कर चोर करीब एक लाख रुपये नकद और कुछ गहने लेकर फरार हो गये. घटना के वक्त मकान मालकिन सुधा सिंह अपने बेटे से मिलने कोलकाता गयी थीं. उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

आठ अक्टूबर से बंद था मकान

जानकारी के अनुसार, मकान आठ अक्टूबर से बंद था. मकान मालकिन कोलकाता में रहने वाले अपने बेटे से मिलने गयी थीं. रविवार की सुबह जब वह वापस लौटीं, तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था. जांच करने पर करीब एक लाख रुपये नकद और कुछ गहने गायब मिले. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. बताया जाता है कि महिला का बेटा भी कोलकाता में अधिकारी है.

फिंगरप्रिंट और एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य

सूचना मिलने पर श्रीकृष्णापुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाये. पीड़िता की ओर से थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी गयी है. चोरी गये गहनों की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. मकान के बंद रहने के दौरान इलाके में आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

अनिल की रिपोर्ट