पटना का यह ANM ट्रेनिंग स्कूल बना सांपों का बसेरा, भय के साए में छात्राएं, 7 दिनों के लिए छुट्टी घोषित

ANM ट्रेनिंग स्कूल बना सांपों का बसेरा- फोटो : रवि शंकर

Patna : जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित चोंदी मोहल्ले में संचालित ANM नर्स ट्रेनिंग स्कूल इन दिनों जहरीले सांपों का बसेरा बन चुका है। इस संस्थान में 50 से अधिक छात्राएं एएनएम का प्रशिक्षण ले रही हैं और परिसर के अंदर बने हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती हैं। हॉस्टल की स्थिति अत्यंत जर्जर और दयनीय हो चुकी है, जिसके कारण छात्राएं अपनी जान जोखिम में डालकर यहां रहने को मजबूर हैं। अब लगातार सांपों के निकलने से पूरे परिसर में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।


क्लास रूम से लेकर हॉस्टल तक सांपों का डेरा 

छात्राओं के अनुसार, हॉस्टल और स्कूल परिसर के अंदर प्रतिदिन विषैले सांप दिखाई दे रहे हैं। कभी क्लास रूम, कभी बाथरूम तो कभी हॉस्टल के कमरों में सांप निकलने से छात्राएं और शिक्षक गहरे खौफ के साए में जी रहे हैं। बीते दिन भी परिसर में अचानक सांप निकल आया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए भागने के दौरान एक छात्रा असंतुलित होकर गिर पड़ी, जिससे उसका हाथ टूट गया। इस घटना के बाद से छात्राओं में डर और भी ज्यादा गहरा गया है।


खानेपीने और सोने में भी सता रहा डर: छात्रा 

प्रशिक्षण ले रही छात्रा हर्षिता राज ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वे लोग बेहद डर के माहौल में दिन गुजार रही हैं। खाने, पीने से लेकर सोने तक हर समय यही खौफ बना रहता है कि कब कहां से सांप निकल आए। उन्होंने बताया कि प्राचार्या से शिकायत के बाद परिसर में साफ-सफाई तो कराई गई, लेकिन इसके बावजूद सांपों का निकलना बंद नहीं हुआ है। छात्राओं ने सरकार से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए और उन्हें किसी नए व सुरक्षित भवन में स्थानांतरित किया जाए।


पुराने टूटे भवन और गंदगी के कारण बढ़ रही समस्या 

मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या स्वाति कुमारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से परिसर में लगातार सांप निकल रहे हैं, जिससे छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक और कर्मचारी भी भयभीत हैं। उन्होंने बताया कि परिसर की सफाई तो कराई गई है, लेकिन विद्यालय से सटे पुराने और टूटे हुए भवन की तरफ अत्यधिक गंदगी और झाड़ियां होने के कारण सांप वहां से आ रहे हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए उन्होंने वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर स्कूल को किसी दूसरे सुरक्षित भवन में शिफ्ट करने का अनुरोध किया है।


सुरक्षा के मद्देनजर दिनों के लिए स्कूल बंद

छात्राओं की सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने त्वरित कदम उठाया है। प्रभारी प्राचार्या ने बताया कि तत्काल प्रभाव से विद्यालय में 7 दिनों की छुट्टी घोषित कर दी गई है और सभी छात्राओं को उनके घर भेज दिया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस अवकाश की अवधि के दौरान समस्या का कोई ठोस और स्थायी समाधान निकाल लिया जाएगा, ताकि छात्राएं बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण पूरा कर सकें।


रवि शंकर की रिपोर्ट