पटना के मनेर उप डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मचा हड़कंप

राजधानी पटना से सटे मनेर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सब पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है। सूचना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है....

उप डाकघर और पास्पोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी- फोटो : सुमित कुमार

Patna : राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मनेर नगर परिषद क्षेत्र में थाना के समीप स्थित उप डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह सनसनीखेज धमकी किसी अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा वरीय डाक अधीक्षक (पासपोर्ट) की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी। धमकी भरा मेल मिलते ही प्रशासनिक महकमे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।


मनेर पुलिस ने संभाला मोर्चा, पूरे परिसर की घेराबंदी कर शुरू किया सर्च ऑपरेशन

ईमेल के माध्यम से मिली इस सूचना के बाद मनेर थाना पुलिस बिना किसी देरी के तुरंत हरकत में आई। सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाते हुए पुलिस ने डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय परिसर में मौजूद सभी कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकालकर पूरे भवन को खाली करा लिया। इलाके को सुरक्षा घेरे में लेते हुए पुलिस बल ने पूरे परिसर की सघन जांच-पड़ताल शुरू कर दी।


पटना से बुलाई गई बम निरोधक दस्ता (BDS), चलाया जा रहा सघन तलाशी अभियान

घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पटना से विशेष बम निरोधक दस्ते की टीम को आनन-फानन में मौके पर बुलाया गया। बीडीडीएस टीम आधुनिक उपकरणों और स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे कार्यालय, कमरों और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे को खंगाल रही है। वहीं, धमकी की खबर फैलते ही घटनास्थल के बाहर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है।


साइबर सेल सक्रिय, आईपी एड्रेस और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी टीम

एक तरफ जहां धरातल पर सुरक्षा और जांच तेज कर दी गई है, वहीं दूसरी तरफ पटना पुलिस की तकनीकी और साइबर सेल टीम भी सक्रिय हो गई है। पुलिस की टेक्निकल विंग उस ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) और सर्वर डिटेल्स को ट्रैक करने में जुटी हुई है, जिसके जरिए यह धमकी भरा संदेश भेजा गया था ताकि धमकी देने वाले का तुरंत सुराग लगाया जा सके।


पुलिस अलर्ट मोड़ पर, संदिग्धों पर रखी जा रही पैनी नजर

इस पूरी घटना के बाद मनेर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मनेर पुलिस थाना क्षेत्र और उसके आसपास आने-जाने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ कर रही है तथा गाड़ियों की चेकिंग अभियान चलाई जा रही है। फिलहाल परिसर की तलाशी जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और घबराने की आवश्यकता नहीं है।


सुमित की रिपोर्ट