IIT पटना में होनहार सपनों का अंत, कलाम हॉस्टल के पास दर्दनाक हादसा, IIT–IIM छात्र सदाशिवुनी हर्षित पटनायक की मौत से कैंपस में मातम

Patna IIT: बिहार की राजधानी स्थित प्रतिष्ठित IIT Patna से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे शैक्षणिक जगत को गहरे शोक में डुबो दिया है।

IIT–IIM छात्र सदाशिवुनी हर्षित पटनायक की मौत से कैंपस में मातम- फोटो : reporter

Patna IIT: बिहार की राजधानी स्थित प्रतिष्ठित IIT Patna से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे शैक्षणिक जगत को गहरे शोक में डुबो दिया है। संस्थान के बी.टेक छात्र सदाशिवुनी हर्षित पटनायक (रोल नंबर: 2201EE89) की कलाम हॉस्टल के पास एक दर्दनाक दुर्घटना में मौत हो गई।

मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले हर्षित एक अत्यंत मेधावी छात्र थे, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर IIT के साथ-साथ IIM जैसे देश के शीर्ष संस्थानों में भी अपनी जगह बनाई थी। वर्तमान में वे डुअल डिग्री प्रोग्राम के तहत IIM मुम्बई में अध्ययनरत थे और अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहे थे।

जानकारी के अनुसार, हर्षित अपने सहपाठियों के विदाई समारोह में शामिल होने के लिए विशेष रूप से IIT पटना आए हुए थे। लेकिन किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि यह मुलाकात उनकी अंतिम यात्रा बन जाएगी। कलाम हॉस्टल के पास हुई इस घटना ने पूरे कैंपस को स्तब्ध कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। संस्थान ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, इसलिए मामले की गहन जांच की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

आईआईटी पटना प्रशासन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रशासन ने सभी छात्रों और स्टाफ से शांति बनाए रखने की अपील की है। हर्षित के माता-पिता को सूचना दे दी गई है और वे पटना के लिए रवाना हो चुके हैं। कैंपस में शोक की लहर फैल गई है। छात्र, शिक्षक और मित्र इस घटना से गहरे सदमे में हैं। हर कोई यही कह रहा है कि हर्षित जैसे होनहार छात्र का इस तरह अचानक चले जाना पूरे शिक्षा जगत के लिए बड़ी क्षति है।

संस्थान ने भावुक संदेश जारी करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। फिलहाल पूरा IIT पटना परिसर गमगीन माहौल में है और हर आंख नम है।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज