Bihar News: ब्रह्मेश्वर मुखिया की 14वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि सभा में गूंजा अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प
Bihar News: भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में रविवार को ब्रह्मेश्वर मुखिया की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। ...
Bihar News: भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में रविवार को ब्रह्मेश्वर मुखिया की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहर के कतीरा चौक के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि ब्रह्मेश्वर मुखिया ने किसानों और मजदूरों को संगठित करने तथा उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने का काम किया था। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों और किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया, जिसकी वजह से आज भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें याद करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बताया कि 1 जून 2012 की सुबह टहलने के दौरान ब्रह्मेश्वर नाथ सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद भोजपुर समेत कई इलाकों में व्यापक विरोध-प्रदर्शन और तनाव का माहौल बन गया था। मामले की जांच विभिन्न एजेंसियों द्वारा की गई, लेकिन वर्षों बाद भी हत्याकांड से जुड़े कई सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि भले ही ब्रह्मेश्वर मुखिया आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और संघर्ष की विरासत आज भी लोगों को प्रेरित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि किसानों और मजदूरों के हितों के लिए जो लड़ाई उन्होंने शुरू की थी, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।सभा में मौजूद लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में एकता, संगठन और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट- आशीष कुमार