पटना साहिब को सीएम की दो बड़ी सौगात: 100 बेड वाले आधुनिक अस्पताल और तीन पक्के गंगा घाटों का हुआ भव्य उद्घाटन

सीएम सम्राट चौधरी ने आज बुधवार को पटना साहिब विधानसभा क्षेत्रवासियों को एक साथ दो बड़ी सौगात दी। सीएम ने 30.56 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 100 बेड वाले आधुनिक अस्पताल भवन और बुडको द्वारा निर्मित तीन प्रमुख घाटो का उद्घाटन किया....

पटना साहिब को सीएम की दो बड़ी सौगात- फोटो : रजनीश

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र को एक साथ दो बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने पटनासिटी में गंगा किनारे बुडको (BUDCO) द्वारा ₹46.26 करोड़ की लागत से निर्मित तीन प्रमुख घाटों—भद्र घाट, नौजर घाट और महावीर घाट का विधिवत उद्घाटन कर उन्हें आम जनता को समर्पित कर दिया। इसके साथ ही क्षेत्र के ऐतिहासिक गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल परिसर में ₹30.56 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 100 बेड वाले आधुनिक अस्पताल भवन का भी फीता काटकर उद्घाटन किया गया।


आपस में जुड़े पक्के घाटों से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत बुडको द्वारा निर्मित ये तीनों घाट आपस में एक-दूसरे से जुड़े (कनेक्ट) हुए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही बेहद सुगम हो जाएगी। इन पक्के घाटों के बन जाने से न केवल दैनिक स्नान-ध्यान और धार्मिक कर्मकांड करने वालों को सहूलियत होगी, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी एक नई पहचान मिली है। स्थानीय नागरिकों ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के पूरा होने पर हर्ष व्यक्त किया है।


छठ पूजा में दलदल और अव्यवस्था से मिलेगी मुक्ति, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पटनासिटी का यह गंगा तट लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का केंद्र रहता है। पहले घाटों पर कच्ची मिट्टी, ढलान और दलदल होने के कारण व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों और दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ता था। अब इन पक्के, चौड़े और आधुनिक सुविधाओं से लैस घाटों के बन जाने से छठ पूजा के दौरान पूजा-अर्चना करना काफी सुरक्षित और आसान हो जाएगा।


स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और मुख्यमंत्री ने किया 100 बेड के अस्पताल का लोकार्पण

दूसरी बड़ी सौगात के रूप में गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में 100 बेड वाले नए अस्पताल भवन की शुरुआत की गई। इस अत्याधुनिक अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उल्लेखनीय है कि इस अस्पताल भवन की आधारशिला 31 मई 2023 को तत्कालीन महागठबंधन सरकार के समय रखी गई थी, जो अब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है।


पटनासिटी की विशाल आबादी को मिलेगा बेहतर और सुलभ इलाज

इस नए 100 बेड वाले अस्पताल के चालू होने से पटनासिटी और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों की एक बहुत बड़ी आबादी को सीधे तौर पर प्राथमिक व विशिष्ट स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस यह अस्पताल स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।


रजनीश की रिपोर्ट