बिहार के इन दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की शीर्ष वेतनमान में प्रोन्नति, अधिसूचना जारी
प्रदेश के दो वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों को शीर्ष वेतनमान में प्रोन्नति प्रदान की गई है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है....
Patna : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक सेवा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। इसके तहत राज्य के दो वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों को शीर्ष वेतनमान (स्तर-17 - ₹2,25,000/- नियत) में प्रोन्नति प्रदान की गई है। सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना के अनुसार, दोनों अधिकारियों को यह प्रोन्नति 01 जनवरी 2027 अथवा उसके बाद के उनके पदग्रहण की तिथि से प्रभावी होगी।
संतोष कुमार मल्ल बने शीर्ष वेतनमान के अधिकारी, वर्तमान में संभाल रहे हैं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी
जारी अधिसूचना के अनुसार, 1997 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष कुमार मल्ल, जो वर्तमान में प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना के पद पर कार्यरत हैं, को शीर्ष वेतनमान में प्रोन्नति दी गई है। इसके साथ ही वे जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग तथा विशेष कार्य पदाधिकारी, स्थानिक आयुक्त का कार्यालय, बिहार भवन, नई दिल्ली के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे।
पंकज कुमार को भी मिला उच्च वेतनमान, गृह विभाग के प्रधान सचिव के रूप में संभाल रहे हैं कमान
वहीं, दूसरी अधिसूचना के तहत 1997 बैच के ही एक अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज कुमार, जो वर्तमान में प्रधान सचिव, गृह विभाग, बिहार, पटना की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, को भी शीर्ष वेतनमान (स्तर-17) में प्रोन्नति प्रदान की गई है। श्री पंकज कुमार वर्तमान में प्रधान सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के अतिरिक्त प्रभार का दायित्व भी बखूबी निभा रहे हैं।
प्रशासनिक कसावट के तहत दी गई नई जिम्मेदारी, राजपत्र में प्रकाशन के लिए भेजी गई प्रतिलिपि
सरकार के इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय से वरिष्ठ अधिकारियाें के स्तर पर कामकाज में और अधिक सुदृढ़ता आने की उम्मीद है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस अधिसूचना की प्रतिलिपि प्रभारी अधिकारी, ई-गजट कोषांग, वित्त विभाग तथा कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, भारत सरकार (नॉर्थ ब्लॉक, नई दिल्ली) को आवश्यक कार्रवाई और बिहार राजपत्र में प्रकाशन के लिए भेज दी गई है।