पटना जंक्शन पर बेखौफ बदमाश: महिला के गले से झपट्टा मारकर 1.50 लाख की चेन छीनी
पटना के सुरक्षित माने जाने वाले 'पटना जंक्शन' पर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर अपने परिजन को अजीमाबाद एक्सप्रेस में चढ़ाने आई पूनम कुमारी के गले से बदमाश ने 18 ग्राम की सोने की चेन छीन ली।
बिहार की राजधानी पटना में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 से सामने आया है, जहाँ एक बेखौफ अपराधी ने ट्रेन का इंतजार कर रही एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों के बीच दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
परिजन को छोड़ने आई महिला बनी शिकार
पीड़ित महिला की पहचान न्यू एतवारपुर, लालू पथ निवासी पूनम कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पूनम कुमारी अपने एक परिजन को अजीमाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस में चढ़ाने के लिए स्टेशन आई हुई थीं। जब वह प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर खड़ी होकर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं, तभी अचानक एक युवक उनके पास पहुँचा और गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली।
ट्रैक पर कूदकर चकमा दे गया अपराधी
पूनम कुमारी के अनुसार, चेन छीनने के बाद बदमाश तुरंत रेलवे ट्रैक की ओर कूद गया। उसने बेहद शातिराना अंदाज में कुछ दूरी तक ट्रैक पर दौड़ लगाई और फिर आगे जाकर दोबारा प्लेटफॉर्म पर चढ़कर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पीड़िता ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन बदमाश की फुर्ती के आगे वह बेबस रहीं। छीनी गई चेन का वजन लगभग 18 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये से अधिक है।
रेल पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की जाँच
घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत पटना जंक्शन रेल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रेल पुलिस ने पूनम कुमारी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अपराधी की पहचान के लिए स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।