ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, शिनाख्त में जुटी RPF व राघोपुर पुलिस

ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-11 स्थित रामपुर गांव के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। सहरसा की ओर जा रही ट्रेन संख्या 75202 की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या-103 के पास घटी।


मानसिक रूप से अस्वस्थ व दिव्यांग लग रही थी मृतका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल चल रही थी, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 45 वर्ष प्रतीत होती है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रही थी और उसका एक हाथ भी दिव्यांग था। उसे अक्सर राघोपुर बाजार क्षेत्र में भीख मांगते देखा जाता था, हालांकि उसकी पहचान स्थापित नहीं हो सकी है।


RPF पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र कुमार चौधरी ने दल-बल के साथ किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी मिलते ही राघोपुर रेल सुरक्षा बल (RPF) के पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। RPF की टीम ने आवश्यक पंचनामा तैयार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की।


शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया

रेल सुरक्षा बल ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। इसके साथ ही घटना की आधिकारिक जानकारी राघोपुर थाना पुलिस तथा आरपीएफ के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।


पहचान के लिए पुलिस ने आम जनता से की सहयोग की अपील

RPF पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मृतका की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और बाजार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस महिला की पहचान से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह तुरंत राघोपुर पुलिस या आरपीएफ को सूचित करे ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट