केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर कसा तंज, बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने की चेतावनी का किया पुरजोर समर्थन

Bihar Politics : बीजेपी के फायर ब्रांड नेता व केन्द्रीय मंत्री गिरिराज ने एकबार फिर विपक्ष और खासकर राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता नकारात्मक सोच रखने वाले और देश विरोधी ताकतों को बढ़ावा देने वाले इंडी गठबंधन को नकार.

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस को बताया ढाबा- फोटो : रणजीत कुमार

Patna : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। कांग्रेस द्वारा आगामी चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़े जाने के एलान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस एक ढाबा है' और भगवान करे कि राहुल गांधी जैसा नेता ही विपक्ष का नेतृत्व करता रहे। गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चाहे ममता बनर्जी नेतृत्व करें, तेजस्वी यादव करें या राहुल गांधी, इससे एनडीए को कोई फर्क नहीं पड़ता। देश की जनता नकारात्मक सोच रखने वाले और देश विरोधी ताकतों को बढ़ावा देने वाले इस गठबंधन को पूरी तरह से नकार चुकी है।


मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर विपक्ष को घेरा

देश में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी रहने के बयान पर केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की इस व्यवस्था पर वे 200 प्रतिशत सहमत हैं और खुद देश की सर्वोच्च अदालत ने भी इसे सही ठहराया है। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव में अपनी संभावित हार को देखते हुए पहले से ही बहाने ढूंढ रहा है और इसी वजह से वह नाहक ही हंगामा खड़ा कर रहा है। उन्होंने साफ कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया (कंटीन्यूअस प्रोसेस) है और विपक्ष अपनी हार का ठीकरा इस व्यवस्था पर फोड़ने की नाकाम कोशिश कर रहा है।


सुबेंदु अधिकारी के बयान का समर्थन

पश्चिम बंगाल के नेता सुबेंदु अधिकारी द्वारा बांग्लादेशी घुसपैठियों को बंगाल खाली करने के निर्देश दिए जाने के मामले पर गिरिराज सिंह ने उनका पुरजोर समर्थन किया। केंद्रीय मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यह देश की सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है। इस विषय पर देश के गृह मंत्री और कई मुख्यमंत्री पहले ही अपनी बात स्पष्ट कर चुके हैं कि अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को बंगाल और देश की सीमाएं छोड़नी ही होंगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर घुसपैठिए खुद से बाहर नहीं जाते हैं, तो सरकार के पास कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई करने के अलावा कोई दूसरा उपाय नहीं बचेगा।


घुसपैठ और अवैध निर्माण पर केंद्र सरकार का रुख बेहद सख्त

सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि देश के बॉर्डर इलाकों में जो भी अवैध ढांचे या बस्तियां बनाई गई हैं, उन्हें हर हाल में ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं को सुरक्षित रखना और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। घुसपैठ के जरिए भारत की सुरक्षा और संसाधनों पर कब्जा करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार इस दिशा में पूरी गंभीरता और कड़ाई के साथ कदम उठा रही है, जिससे देश विरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।


विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर एनडीए की जीत का दावा

राजनीतिक परिदृश्य पर अपनी बात रखते हुए गिरिराज सिंह ने दावा किया कि आगामी समय में भी देश की जनता विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन के मुद्दे पर एनडीए के साथ खड़ी रहेगी। विपक्ष के पास नीति और नीयत दोनों का अभाव है, जिसके कारण वे केवल तुष्टिकरण और भ्रामक प्रचार का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों और देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए उठाए जा रहे मजबूत कदमों पर एक बार फिर अपनी मुहर लगाएगी और विपक्ष का सूपड़ा साफ होना तय है।


रणजीत कुमार की रिपोर्ट