केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राहुल गांधी को बताया 'व्याकुल आत्मा', तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने का लगाया आरोप

केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। वहीं उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार के काम काज की जमकर तारीफ की है......

केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह का राहुल गांधी पर तीखा तंज- फोटो : सोशल मीडिया

Bihar Politics : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें 'व्याकुल आत्मा' करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी राजनीतिक सुविधा और नैरेटिव के मुताबिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने में महारत हासिल है और उन्हें इसके लिए पीएचडी की डिग्री मिल सकती है।


केवल आधार नहीं, बायोमेट्रिक और एपिक से हो रहा पुख्ता सत्यापन

सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए ललन सिंह ने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों के भुगतान और सत्यापन के लिए केवल आधार ही नहीं, बल्कि इसके साथ बायोमेट्रिक और एपिक (EPIC) नंबर जैसी उन्नत प्रणालियों को भी जोड़ा गया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सरकारी सहायता केवल पात्र और वास्तविक व्यक्ति तक ही पहुँचे।


डीबीटी प्रणाली से बिचौलियों का सफाया, मिल रहा पूरा 100% लाभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) प्रणाली लागू होने के बाद भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हो गई है। आज केंद्र सरकार द्वारा भेजे जाने वाले 100 रुपये में से पूरे 100 रुपये सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में पहुँचते हैं।


कांग्रेस के पुराने दौर की याद दिलाते हुए पूर्व पीएम के बयान का किया जिक्र

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने पुरानी व्यवस्था की याद दिलाई और कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने खुद यह स्वीकार किया था कि उनके समय में केंद्र से भेजे जाने वाले 100 रुपये में से मात्र 10 रुपये ही जनता तक पहुँचते थे और 90 रुपये बिचौलिए डकार जाते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान मोदी सरकार ने इस लचर व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है।


जनता पूरी तरह जागरूक, विपक्ष के दावे और रैलियां हो रही हैं फेल

अंत में ललन सिंह ने कहा कि देश की जनता अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और विपक्ष की भ्रामक राजनीति को समझती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई है और विपक्ष हर जगह चुनाव हार रहा है।


रंजन की रिपोर्ट