दिल्ली से लौटते ही सीधे पूर्व सीएम नीतीश कुमार के आवास पहुंचे सीएम सम्राट, सियासी गलियारे मे हलचल तेज

Bihar Politics : सीएम सम्राट चौधरी दिल्ली से आज पटना लौटते ही सीधे नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे। दोनो नेताओं के बीच यह मुलाकात तकरीबन 15 मिनट तक चली। पटना पहुंचे ही नीतीश कुमार से सीएम की इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारे में हचलच मची हुई है...

नीतीश कुमार के आवास पहुंचे सीएम सम्राट- फोटो : अभिजीत

Patna : दिल्ली के महत्वपूर्ण दौरे से वापस लौटते ही बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री बिना किसी देरी के सीधे नीतीश कुमार के बंगले पर गए। दोनों शीर्ष नेताओं के बीच हुई इस अचानक और महत्वपूर्ण मुलाकात के बाद राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक चली गुप्तगू

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच यह मुलाकात लगभग 15 मिनट तक चली। मुख्यमंत्री के पदभार ग्रहण करने के बाद से दोनों नेताओं के बीच लगातार हो रहे इस तरह के संवाद को एनडीए गठबंधन के भीतर बेहतर तालमेल और एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है। मुलाकात के दौरान दोनों नेता बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा करते नजर आए, जिसकी तस्वीरें भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।


बिहार विधान परिषद चुनाव की रणनीति पर हुई खास बातचीत

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, इस संक्षिप्त लेकिन उच्च स्तरीय बैठक में आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर बेहद महत्वपूर्ण बातचीत हुई है। एनडीए गठबंधन के तहत सीटों के समन्वय, उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी के दृष्टिकोण साझा किए। माना जा रहा है कि इस बातचीत के बाद विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर आगे की राह और आसान होगी।


'बिहार विकास मंथन' के नतीजों से कराया अवगत

चुनावों के अलावा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ आयोजित हुए 'बिहार विकास मंथन' कार्यक्रम की पूरी जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में राज्य के विकास, बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं और केंद्रीय सहयोग को लेकर हुए समझौतों व सकारात्मक चर्चा के नतीजों से नीतीश कुमार को अवगत कराया।


राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी हुई समीक्षा

बताया जा रह है कि इस बैठक में बिहार की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की भी बात हुई। बताते चले कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व में भी स्पष्ट किया है कि वे नीतीश कुमार के अनुभव और उनके द्वारा तैयार किए गए विकास के रोडमैप को आगे बढ़ा रहे हैं। इस लिहाज से इस मुलाकात को सरकार के सुचारू संचालन और राज्य के हित में लिए जाने वाले आगामी बड़े राजनीतिक निर्णयों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।


अभिजीत की रिपोर्ट